देश

अगले 7 दिन इन राज्यों में होगी भारी बारिश, हिमाचल-उत्तराखंड पर मंडराया खतरा

Lucknow Focus News Desk: देश के कई राज्यों में अगले एक हफ्ते तक भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि यहां कई जगहों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है। खासकर, 13 अगस्त को उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में 21 सेंटीमीटर तक बारिश होने का अनुमान है।

हिमाचल में पहाड़ों पर भूस्खलन और जान-माल का नुकसान

हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शनिवार को पहाड़ से पत्थर गिरने के कारण एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि किन्नौर कैलाश यात्रा पर गए एक और श्रद्धालु का शव बरामद हुआ है। नालागढ़ के कुमारहट्टी में भूस्खलन से एक कृत्रिम झील बन गई है, जिससे आसपास के लोगों में डर का माहौल है। वहीं, शिमला समेत कई इलाकों में बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है।

हिमाचल में 359 सड़कें, 145 बिजली ट्रांसफार्मर और 520 पेयजल योजनाएं अभी भी ठप पड़ी हैं।

जम्मू-कश्मीर के कटड़ा में भी भारी बारिश हुई, जिससे वैष्णो देवी यात्रा कुछ देर के लिए रोकनी पड़ी। घने कोहरे के कारण हेलिकॉप्टर सेवा भी बाधित रही।

तेलंगाना और मध्य भारत में भी अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, तेलंगाना में भी 17 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। यहां 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। शनिवार रात हैदराबाद में जोरदार बारिश हुई थी।

इसके अलावा, 13 से 16 अगस्त के बीच मध्य प्रदेश, विदर्भ, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तटीय आंध्र प्रदेश में भी मूसलाधार बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में देशभर में पश्चिम उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, बिहार और असम सहित कई राज्यों में भारी बारिश दर्ज की गई है।

Also Read: डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा ऐलान: बाढ़ पीड़ितों को मिलेगा ‘मुख्यमंत्री आवास’

Related Articles

Back to top button