UP में मानसून ने फिर पकड़ी रफ्तार, पश्चिमी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और इसका असर अब खासतौर पर पश्चिमी यूपी में दिखने लगा है। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर और बिजनौर जैसे जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, 10 अन्य जिलों में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज बारिश की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश के 23 ज़िलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी है, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बुंदेलखंड में झमाझम बारिश, ललितपुर में सबसे ज्यादा 78 मिमी
रविवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों, खासकर बुंदेलखंड और पश्चिमी यूपी में अच्छी बारिश देखने को मिली। ललितपुर में सबसे अधिक 78 मिमी और बांदा में 64.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। यह बारिश न सिर्फ खेतों के लिए फायदेमंद साबित होगी, बल्कि लगातार गर्मी झेल रहे लोगों को भी राहत दे रही है।
मंगलवार से पूर्वांचल और तराई में अच्छी बारिश के आसार
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना लो-प्रेशर सिस्टम अब कमजोर पड़ने लगा है। इसके कारण मानसूनी ट्रफ लाइन उत्तर की ओर शिफ्ट हो रही है। इसका असर यह होगा कि मंगलवार से पूर्वी यूपी और तराई के जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिलेगी।
इन जिलों में ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत
ऑरेंज अलर्ट (भारी बारिश की चेतावनी)
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर
येलो अलर्ट (मध्यम बारिश की संभावना):
बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल, बदायूं व आसपास के इलाके कुल 23 जिलों में मौसम विभाग ने बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
लखनऊ में धूप-छांव के बीच हल्की फुहारें, तापमान में आई गिरावट
राजधानी लखनऊ में रविवार को मौसम का मिजाज बदला रहा। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही और दिनभर धूप-छांव का खेल चलता रहा। गोमती नगर विस्तार और शहर के बाहरी इलाकों में हल्की फुहारें भी पड़ीं, जिससे गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई। मौसम खुशनुमा बना रहा और हवा की गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया गया।
डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार और मंगलवार को लखनऊ में बूंदाबांदी के आसार हैं। इससे दिन के तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
Also Read: UP ओलंपिक संघ की वार्षिक बैठक में हुआ अहम चयन, खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की नई ज़िम्मेदारी




