‘रामनवमी पर रामलला के दर्शन मेरा सौभाग्य’, कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने टेका माथा

Lucknow Focus News Desk: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह रामनवमी के पावन अवसर पर रामनगरी अयोध्या पहुंचे। यहाँ उन्होंने राम जन्मभूमि मंदिर में विराजमान रामलला के दर्शन-पूजन किए और देशवासियों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। एयरपोर्ट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया।
हनुमानगढ़ी में हाजिरी और मंदिर निर्माण पर सफाई
दिग्विजय सिंह ने अपनी यात्रा की शुरुआत हनुमानगढ़ी में बजरंगबली के दर्शन के साथ की। मंदिर निर्माण के विरोध के आरोपों पर जवाब देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि राम मंदिर निर्माण के लिए उन्होंने 1,11,000 रुपये की सहयोग राशि अर्पित की है। उन्होंने उन तमाम आरोपों को खारिज किया जिनमें कहा गया था कि वे या उनकी पार्टी मंदिर निर्माण के विरुद्ध हैं।
राजनीति से बनाई दूरी
महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान दिग्विजय सिंह पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगे नजर आए। जब उनसे अंतरराष्ट्रीय मुद्दों (जैसे अमेरिका-ईरान तनाव) या देश में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने टिप्पणी करने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, “मैं आज पूर्णतः धार्मिक यात्रा पर हूँ, इसलिए राजनीति की कोई बात नहीं करूंगा।”
Also Read: LPG संकट पर सीएम योगी की बड़ी अपील, अफवाहों से बचें, एजेंसियां घर-घर पहुंचाएंगी सिलेंडर




