पंजाब विधानसभा चुनाव: आम आदमी पार्टी ने जारी की 31 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट, मंत्री गुरमीत सिंह का कटा टिकट

Lucknow Focus News Desk: आम आदमी पार्टी (AAP) ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की नई दिल्ली में हुई बैठक के बाद 31 उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई। इस बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहे।

सर्वे के आधार पर टिकट वितरण, कई दिग्गजों के कटे पत्ते
मुख्यमंत्री भगवंत मान के अनुसार, टिकटों का आवंटन पूरी तरह से पार्टी के आंतरिक सर्वे के आधार पर किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो उम्मीदवार सर्वे में आगे रहे हैं, उन्हें मौका दिया गया है, जबकि जनता के फीडबैक और सर्वे में खरे न उतरने वाले चेहरों के टिकट काटे गए हैं।

इस दूसरी सूची में पार्टी ने कई बड़े फेरबदल किए हैं। इसके तहत खरड़ विधानसभा क्षेत्र से अनमोल गगन मान और लंबी सीट से कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह का टिकट काट दिया गया है, जबकि कई नए चेहरों को चुनावी मैदान में उतारा गया है।
अब तक कुल 71 उम्मीदवारों का ऐलान
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने इससे पहले 31 अक्टूबर को अपनी पहली सूची जारी की थी, जिसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित 40 उम्मीदवारों के नाम शामिल थे। पहली सूची में पंजाब आप अध्यक्ष व मंत्री अमन अरोड़ा और वित्त मंत्री हरपाल चीमा के नाम नहीं थे। दूसरी सूची के 31 नामों के साथ ही पार्टी अब तक कुल 71 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर चुकी है।




