छठ महापर्व से ठीक पहले रिलीज हुआ सूरज बड़जात्या की फिल्म का नया गीत ‘बुलाए छठी मां’, आयुष्मान-शरवरी की जोड़ी ने जीता दिल

Lucknow Focus News Desk: छठ महापर्व की शुरुआत (13 नवंबर) से ठीक एक दिन पहले फिल्म निर्माता सूरज बड़जात्या की आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ (Yeh Prem Mol Liya) का नया और भक्तिमय गीत ‘बुलाए छठी मां’ रिलीज कर दिया गया है। एल्बम के इस पांचवें गाने में छठ पूजा की पारंपरिक छटा, भव्य विजुअल्स और मधुर संगीत का शानदार संगम देखने को मिल रहा है।
आयुष्मान और शरवरी की केमिस्ट्री
लगभग तीन मिनट के इस वीडियो सॉन्ग में मुख्य कलाकार आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ पूरी श्रद्धा के साथ छठ व्रत और पूजा करते नजर आ रहे हैं। गाने में दोनों कलाकारों को घाट पर जाकर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देते हुए दिखाया गया है, जिसके विजुअल्स बेहद वास्तविक और भावुक करने वाले हैं।
इस गीत को हिमेश रेशमिया ने कंपोज किया है, जबकि इसके भावपूर्ण बोल प्रसिद्ध गीतकार मनोज मुंतशिर ने लिखे हैं। गाने को श्रेया घोषाल और केशव आनंद ने अपनी मधुर आवाज से सजाया है।
कब रिलीज होगी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’?
सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी इस पारिवारिक फिल्म में पहली बार आयुष्मान खुराना और शरवरी वाघ की फ्रेश जोड़ी बड़े पर्दे पर साथ नजर आएगी। फिल्म में अनुपम खेर सहित कई अन्य दिग्गज कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। राजश्री प्रोडक्शन्स और महावीर जैन फिल्म्स के बैनर तले निर्मित यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी।




