देश

बंगाल चुनाव से पहले ED की कार्रवाई, पार्थ चटर्जी के घर फिर छापेमारी, कोलकाता में बड़ी रेड

Lucknow Focus News Desk: पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों से ठीक पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शिक्षक भर्ती (SSC) घोटाले में अपनी जांच तेज कर दी है। शनिवार सुबह जांच एजेंसी ने राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी के कोलकाता स्थित आवास समेत दो प्रमुख ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब राज्य में चुनावी सरगर्मियां चरम पर हैं।

समन की अनदेखी पड़ी भारी

अधिकारियों के अनुसार, ईडी ने पार्थ चटर्जी को एसएससी सहायक शिक्षक भर्ती मामले में पूछताछ के लिए तीन बार समन भेजा था। हालांकि, चटर्जी एक बार भी जांच अधिकारी के सामने पेश नहीं हुए।

बार-बार समन की अवहेलना और पूछताछ से बचने के चलते ईडी की टीम आज भारी सुरक्षा बल के साथ उनके नाकतला स्थित निवास पहुंची। टीम ने इस मामले के कथित बिचौलिए प्रसन्ना कुमार रॉय के न्यूटाउन स्थित कार्यालय पर भी रेड की है। प्रसन्ना फिलहाल जेल में बंद हैं और उनकी गिनती पार्थ चटर्जी के करीबियों में होती है।

क्या है पूरा मामला?

पार्थ चटर्जी को पहली बार जुलाई 2022 में प्राथमिक शिक्षक भर्ती घोटाले में गिरफ्तार किया गया था। उस वक्त उनके करीबी के ठिकानों से करोड़ों की नकदी बरामद हुई थी। करीब तीन साल जेल में रहने के बाद पार्थ चटर्जी को नवंबर 2025 में सुप्रीम कोर्ट और निचली अदालत से सशर्त जमानत मिली थी। जमानत मिलने के बावजूद उनके खिलाफ प्राइमरी टीचर, एसएससी असिस्टेंट टीचर (कक्षा 9-12) और ग्रुप सी व डी स्टाफ भर्ती से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के कई केस चल रहे हैं।

चुनावी मौसम में बढ़ा सियासी पारा

चुनाव से ठीक पहले हुई इस छापेमारी ने बंगाल की राजनीति में ‘भ्रष्टाचार’ के मुद्दे को एक बार फिर केंद्र में ला दिया है। विपक्षी दल इसे सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति बता रहे हैं, वहीं सत्ता पक्ष इसे चुनावी लाभ के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करार दे रहा है। जांच एजेंसी का मानना है कि इस नई रेड से पैसों के लेन-देन (Money Trail) से जुड़े कई अहम दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य हाथ लग सकते हैं।

Also Read: देवरिया: SDM विपिन कुमार द्विवेदी निलंबित, बहस के दौरान ग्रामीण को पड़ा दिल का दौरा, हुई मौत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button