यूपी 2027 चुनाव से पहले ‘राधे-राधे’ नारे पर सियासी घमासान, केशव प्रसाद मौर्य ने कही ये बड़ी बात

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी और बयानबाजी तेज हो गई है। मथुरा में आयोजित भाजपा के चिंतन शिविर में दिए गए ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ के नारे को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) आमने-सामने आ गई हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा इस नारे पर तंज कसे जाने के एक दिन बाद रविवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तीखा पलटवार किया है।
केशव प्रसाद मौर्य का सपा पर हमला
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि सपा पहले ‘जय श्रीराम’ से घबराती थी और अब ‘राधे-राधे’ सुनकर भी बेचैन है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में ‘जय श्रीराम’ गूंजता है तो ब्रज में लोग ‘राधे-राधे’ कहकर एक-दूसरे का अभिवादन करते हैं।
मौर्य ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि क्या अब प्रदेश की जनता को उनसे पूछकर अपने आराध्य का नाम लेना पड़ेगा? उन्होंने कहा कि ‘जय श्रीराम’ भी गूंजेगा और ‘राधे-राधे’ भी बोला जाएगा, तथा 2027 में सत्ता में लौटने का सपा का सपना फिर टूटेगा और उत्तर प्रदेश में एक बार फिर ‘कमल’ खिलेगा।
अखिलेश यादव ने ‘राधे-राधे’ नारे पर कसा था तंज
इससे पहले शनिवार को लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा के इस नारे पर व्यंग्य किया था। अखिलेश यादव ने कहा था कि भाजपा ने दो दिन की बैठक के बाद यह नारा इसलिए बनाया है क्योंकि उन्हें पता है कि उनका ‘कमल’ मुरझा रहा है। उन्होंने आगे कहा था कि उनके यहां विदाई के समय ‘राधे-राधे’ कहा जाता है, जिसका अर्थ है कि इस बार उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा की विदाई करने जा रही है।
मथुरा चिंतन शिविर में गूंजा था नारा
गौरतलब है कि भाजपा ने 16 और 17 नवंबर को मथुरा में दो दिवसीय चिंतन शिविर का आयोजन किया था, जिसके अंतिम दिन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल हुए थे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने मथुरा में पत्रकारों को बताया था कि भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर सुबह की बैठक की शुरुआत ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ के उद्घोष के साथ हुई थी। पंकज चौधरी ने 2017 की ऐतिहासिक जीत का उल्लेख करते हुए दावा किया था कि राज्य में तीसरी बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी।




