इन्फोटेनमेन्ट

धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि पर भावुक हुईं बेटी ईशा देओल, साझा किया दिल छू लेने वाला पोस्ट

Lucknow Focus News Desk: हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि पर उनकी बेटी और अभिनेत्री ईशा देओल ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर पिता को याद किया और उन्हें खोने का दर्द बयां किया। धर्मेंद्र ने 24 नवंबर 2025 को 89 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया था। पुण्यतिथि के मौके पर साझा किए गए पोस्ट में ईशा ने धर्मेंद्र को अपने पिता के साथ-साथ अपना सबसे बड़ा संबल और मार्गदर्शक बताया।

दिल में बसी यादें और अटूट बंधन

पिता के साथ तस्वीरें साझा करते हुए ईशा देओल ने लिखा, “मेरे प्यारे पापा, हमारा वादा, हमारा सबसे मजबूत बंधन…. हर जन्म, हर लोक में हम हमेशा साथ हैं पापा। चाहे स्वर्ग हो या धरती, सब एक है। मैंने अभी के लिए आपको बहुत ही प्यार से संभालकर अपने दिल में बसा लिया है, दिल की गहराई में, ताकि आप पूरी जिंदगी मेरे साथ रहें।”

उन्होंने लिखा कि धर्मेंद्र की अनमोल यादें, जीवन के सबक, सीख, मार्गदर्शन, निस्वार्थ प्यार, गरिमा और उनकी बेटी होने से मिली ताकत की जगह कोई कभी नहीं ले सकता। ईशा ने याद किया कि कैसे धर्मेंद्र का गर्मजोशी से गले लगाना किसी आरामदायक कंबल जैसा लगता था और उनकी आवाज व नाम पुकारने के बाद ढेर सारी बातें, हंसी-मजाक और शायरियां शुरू हो जाती थीं। उन्होंने बताया कि उनके पिता का मूल मंत्र था- “हमेशा विनम्र रहो, खुश रहो, स्वस्थ और मजबूत रहो।”

पोस्ट के अंत में ईशा ने लिखा कि वह पूरे गर्व और सम्मान के साथ उनकी विरासत को आगे बढ़ाएंगी और लाखों प्रशंसकों तक उनका प्यार पहुंचाने का प्रयास करेंगी।

24 नवंबर 2025 को हुआ था निधन

उल्लेखनीय है कि धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर 2025 को 89 वर्ष की आयु में मुंबई स्थित उनके आवास पर हुआ था। सांस लेने में तकलीफ के चलते उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था, जहां कुछ दिन इलाज चलने के बाद उन्हें घर लाया गया था। उनके अंतिम संस्कार में परिवार के सदस्यों के साथ फिल्म जगत की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुई थीं।

Related Articles

Back to top button