यूपी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सपा-कांग्रेस सीट शेयरिंग पर फंसा पेंच, अखिलेश ने दिया ‘एडजस्टमेंट’ का संदेश

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे (सीट शेयरिंग) पर बातचीत का दौर शुरू हो गया है, हालांकि सीटों की संख्या को लेकर दोनों दलों के बीच सहमति बनती नहीं दिख रही है। इस बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि गठबंधन को लेकर बातचीत अभी जारी है और सीटों की संख्या के बारे में फिलहाल कुछ नहीं कहा जा सकता। कांग्रेस को स्पष्ट संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि “अलायंस जीतने के लिए होता है और जीतने के लिए गठबंधन में एडजस्टमेंट भी करना होता है।”
दिल्ली में हुई बैठकों में सीटों की संख्या पर मतभेद
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नई दिल्ली में सपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच सीट बंटवारे को लेकर हुई बैठक में जबरदस्त पेंच फंस गया है। इससे पहले सोमवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर भी दोनों दलों के प्रमुख नेताओं की बैठक हुई थी।
सपा का प्रस्ताव और पक्ष
खबरों के अनुसार, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को केवल 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, जिसमें वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस द्वारा जीती गई 2 सीटें और दूसरे स्थान पर रही 4 सीटें शामिल हैं। सपा सांसद रामगोपाल यादव का कहना है कि इन सीटों में भी कई ऐसी हैं जहां पिछले चुनाव में सपा को कांग्रेस से अधिक मत मिले थे, फिर भी गठबंधन धर्म के तहत उन्हें ये सीटें दी जा रही हैं। सपा खेमे का यह भी मानना है कि प्रदेश में बूथ स्तर पर कांग्रेस का संगठन कमजोर है।
"जीतने के लिए एलाइंस होते हैं।
– माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी pic.twitter.com/yuPBhN5ggL
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) November 24, 2026
कांग्रेस की मांग और फार्मूला
दूसरी ओर, कांग्रेस ने 26 सीटों के प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया है। कांग्रेस नेतृत्व 126 से अधिक सीटों की मांग पर अड़ा है (जबकि कुछ रिपोर्ट्स में कांग्रेस की शुरुआती मांग 181 सीटों तक बताई गई थी)। कांग्रेस ने अपनी मांगी गई सीटों को श्रेणियों में बांटा है- जिसमें 46 सीटों को ‘A’ कैटेगरी और 21 सीटों को ‘B’ कैटेगरी में रखा गया है। पार्टी का रुख है कि वह इन 67 सीटों पर कोई समझौता नहीं करेगी, जबकि शेष लगभग 64 से 65 सीटों पर लचीलापन (फ्लैक्सिबिलिटी) दिखाने को तैयार है। इससे पूर्व कांग्रेस द्वारा रायबरेली और अमेठी की सभी सीटों सहित 120 सीटों की सूची सौंपे जाने की बात भी सामने आई थी।
सपा की चार सदस्यीय कमेटी और ‘जिताऊ उम्मीदवार’ का फार्मूला
अखिलेश यादव ने सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए चार वरिष्ठ नेताओं की एक कमेटी गठित की है। इस कमेटी में राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, लोकसभा सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन शामिल हैं।
अखिलेश यादव ने यह भी स्पष्ट किया है कि सीट बंटवारे का मुख्य आधार जीत की संभावना (Winnability) होगा और जिस सीट पर जिस दल के जीतने की संभावना अधिक होगी, उसे वही सीट दी जाएगी। जानकारी के अनुसार, समाजवादी पार्टी इस बार जमीनी समीकरणों और जिताऊ प्रत्याशियों का आकलन करने के लिए डेटा विश्लेषकों (Data Analysts) की भी मदद ले रही है।




