उत्तर प्रदेशलखनऊ

यूपी कैबिनेट का बड़ा फैसला, 29 प्रस्तावों को मंजूरी, कल से शुरू होंगे तबादले!

Lucknow Focus News Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को उनके सरकारी आवास पर आयोजित कैबिनेट बैठक में प्रदेश के विकास और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए। बैठक की शुरुआत में मंत्रियों ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत पर मुख्यमंत्री को मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस महत्वपूर्ण बैठक में कुल 29 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, जिनमें नई तबादला नीति और किसानों के हित में ऊर्जा विभाग के प्रस्ताव प्रमुख रहे।

नई तबादला नीति (2026-27): कल से शुरू होंगे स्थानांतरण

संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए स्थानांतरण नीति को मंजूरी दे दी गई है। तबादलों की प्रक्रिया 31 मई 2026 तक पूरी की जाएगी।

मानक: समूह ‘क’ और ‘ख’ के जो अधिकारी एक जिले में 3 वर्ष या एक मंडल में 7 वर्ष पूर्ण कर चुके हैं, उनका तबादला अनिवार्य होगा।

सीमा: समूह ‘क’ और ‘ख’ में अधिकतम 20% तथा समूह ‘ग’ और ‘घ’ में अधिकतम 10% तबादले किए जा सकेंगे।

विशेष राहत: दिव्यांग बच्चों या गंभीर रूप से बीमार बच्चों के माता-पिता की तैनाती उनकी सुविधा और चिकित्सा व्यवस्था वाले स्थानों पर की जाएगी।

मेरिट बेस्ड सिस्टम: समूह ‘ख’ और ‘ग’ के तबादले यथासंभव ‘मेरिट बेस्ड ऑनलाइन ट्रांसफर सिस्टम’ से होंगे।

ऊर्जा विभाग: किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी

मंत्री ए.के. शर्मा ने बताया कि हाईटेंशन लाइनों के टॉवर से प्रभावित किसानों की भूमि के लिए नई मुआवजा नीति बनाई गई है। अब टॉवर के नीचे की पूरी जमीन और उसके एक मीटर अतिरिक्त घेरे का दोगुना मुआवजा दिया जाएगा। इसके अलावा, ऊपर से गुजरने वाले तारों (Right of Way) के लिए भी 30% मुआवजा मिलेगा। जालौन में 500 मेगावाट का सोलर प्लांट लगेगा, जिसे यूपी उत्पादन लिमिटेड और कोल इंडिया मिलकर विकसित करेंगे। इसकी लागत 653 करोड़ रुपये आएगी।

MSME और ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ योजना

मंत्री राकेश सचान ने बताया कि ‘ओडीओपी’ की तर्ज पर अब ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ योजना शुरू होगी। इसके लिए गुणवत्ता और पैकेजिंग पर ध्यान दिया जाएगा और लखनऊ के प्रेरणा स्थल पर एक ‘व्यंजन महासम्मेलन’ भी आयोजित होगा। इसके अलावा, बिजनौर, बरेली, अमरोहा और मगहर की पुरानी कताई मिलों की जमीन पर ‘संत कबीर टेक्सटाइल्स एंड अपेरल पार्क’ विकसित किए जाएंगे।

शिक्षा और पर्यावरण: नए विश्वविद्यालय और पौधारोपण

शिक्षा: फिरोजाबाद में ‘अमरदीप विश्वविद्यालय’ और नोएडा में ‘मेट्रो विश्वविद्यालय’ के संचालन को मंजूरी दी गई है।

पर्यावरण: वन मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में 35 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए 147 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। इसमें 30% फलदार पौधे लगाए जाएंगे।

Also Read: ‘बंगाल में हुआ नया सूर्योदय, भयमुक्त और विकासयुक्त होगा भविष्य’, ऐतिहासिक विजय के बाद बोले PM मोदी

Related Articles

Back to top button