बाराबंकी में भूजल सप्ताह 2026: ’पानी की कहानी’ एवं ’वृक्षारोपण कार्यक्रम’ का सफल आयोजन, जल और पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

Lucknow Focus News Desk: आनंद विहार कॉन्वेंट इंटर कॉलेज, लखपेड़ाबाग (बाराबंकी) में आज ‘भूजल सप्ताह 2026’ के अंतर्गत ’पानी की कहानी’ एवं ’वृक्षारोपण कार्यक्रम’ का गरिमामयी आयोजन किया गया। इस विशेष जागरूकता अभियान का आयोजन ‘जनहित कल्याण सेवा समिति’ तथा ‘नागरिक सुरक्षा कोर, बाराबंकी’ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें जनपद के विभिन्न कॉलेजों से आए सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
गरिमामयी उपस्थिति और मुख्य अतिथि
समारोह में प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्र की प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की, जिन्होंने युवाओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया।
मुख्य अतिथि: अनिता प्रताप सिंह (उप नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा कोर, बाराबंकी, उत्तर प्रदेश)
विशिष्ट अतिथि: शैलेंद्र सिंह (चेयरमैन, इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, बाराबंकी)
कार्यक्रम अध्यक्ष: धर्मेंद्र कुमार वर्मा
मुख्य वक्ताओं के प्रेरक विचार और सामाजिक संदेश
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने गिरते भूजल स्तर और पर्यावरण असंतुलन पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए व्यावहारिक समाधान साझा किए।
मुख्य अतिथि अनिता प्रताप सिंह ने छात्रों को जागरूक करते हुए कहा कि भूजल स्रोतों का संरक्षण करना और व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण करना केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक नागरिक के रूप में हमारा परम कर्तव्य है। इन दोनों प्रयासों के माध्यम से ही हम पर्यावरण के प्रति अपनी वास्तविक जिम्मेदारी का निर्वहन कर सकते हैं।
धर्मेन्द्र कुमार वर्मा (अध्यक्ष) ने कहा कि “जल ही जीवन का असली आधार है, जिसके बिना मानव जीवन की कल्पना भी असंभव है।” उन्होंने सभी प्रतिभागियों को संकल्प दिलाते हुए एक अनोखी अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में कम से कम एक लीटर पानी जरूर बचाए। हर नागरिक अपने जन्मदिन (Birthday) के अवसर पर कम से कम एक पौधा अनिवार्य रूप से लगाए और उसकी देखभाल करे।
आशीष वर्मा (वरिष्ठ वक्ता) कहा कि प्राचीन जल स्रोतों के पुनरुद्धार पर बल देते हुए कहा कि भूजल संरक्षण और संचयन के लिए हमें अपने पुराने तालाबों और कुओं को संरक्षित करना होगा। उन्होंने कहा कि जो शुद्ध जल स्रोत हमें पूर्वजों से विरासत में मिले हैं, उन्हें आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित सौंपने के लिए हम सभी को आज संकल्पित होना होगा।
कार्यक्रम की रूपरेखा और सहभागिता
भावी पीढ़ी को जल संकट के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में वृक्षारोपण भी किया गया, जिसके तहत कॉलेज परिसर में औषधीय और छायादार पौधे रोपे गए।
समारोह में सक्रिय रूप से भाग लेने वाले प्रमुख प्रबुद्ध जन
इस सफल अभियान में मुख्य रूप से सरिता सिंह, संस्था की सचिव शिवानी वर्मा, नीरज कुमार सहित नागरिक सुरक्षा कोर के सदस्य, जनहित कल्याण सेवा समिति के पदाधिकारी और विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




