लखनऊ में बीजेपी का प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बोले- ज्ञान के क्षेत्र में तो भारत का डंका…

राजधानी लखनऊ के आईआईएम रोड स्थित महर्षि विश्वविद्यालय में रविवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रबुद्धजन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ क्षेत्रीय विधायक नीरज बोरा, सभी वार्ड पार्षद एवं पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा और समकालीन आर्थिक विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा, *”ज्ञान के क्षेत्र में तो भारत का डंका सदियों से बजता रहा है, लेकिन अब अर्थव्यवस्था के मामले में भी भारत विश्व पटल पर मजबूती से उभर रहा है।”*
रक्षा मंत्री ने बताया कि भारत इस समय दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और मौजूदा गति को देखते हुए अगले दो वर्षों में यह दुनिया की तीन सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शुमार हो जाएगा।
उन्होंने कहा, *”भारतीय ज्ञान परंपरा को विश्व भर में मान्यता मिली है। अब हमें इसी परंपरा और आत्मविश्वास के साथ भारत को एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है।”*
कार्यक्रम में स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों, शिक्षाविदों और समाज के अन्य प्रतिष्ठित वर्गों की उपस्थिति भी देखने को मिली। सभी ने देश की उपलब्धियों और भविष्य की दिशा को लेकर विचार साझा किए।




