राजगढ़ में उफनते नाले में बही 11 लोगों से भरी कार: 9 की मौत, 2 को सुरक्षित बचाया गया, सीएम मोहन यादव ने जताया दुख

Lucknow Focus News Desk: मध्य प्रदेश में मूसलाधार बारिश का दौर लगातार जारी है, जिसका सबसे ज्यादा असर राजगढ़ जिले में देखने को मिल रहा है। बारिश के चलते कई गांवों का संपर्क टूट गया है और नदी-नाले उफान पर हैं। इसी बीच राजगढ़ के पडाना गांव के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहाँ उफनते नाले को पार करने की कोशिश में 11 लोगों से भरी एक ईको वैन कार तेज बहाव में बह गई। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 2 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है और पीड़ित परिवार के लिए चार-चार लाख रुपये की आर्थिक मदद की घोषणा की है।
ग्रामीणों की चेतावनी के बाद भी आगे बढ़ी कार
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, पीड़ित परिवार देवास जिले के सतवास क्षेत्र के धांसड़ गांव का रहने वाला था, जो सारंगपुर के कड़लावद जा रहा था। कार में एक ही परिवार के 3 पुरुष, 4 महिलाएं और 4 बच्चे सवार थे। देवास से आ रही कार नए बने बायपास से होकर गुजर रही थी, जहाँ पड़ाना के पास झिरी नाले पर करीब 30 फीट लंबे पुल का निर्माण चल रहा है।
भारी बारिश के कारण नाले का पानी सड़क और पुल के ऊपर से बह रहा था। बाहरी चालक होने के कारण उसे जलस्तर और पुल की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लगा। ग्रामीणों के अनुसार, स्थानीय लोगों ने वाहन को रोककर आगे खतरा होने की चेतावनी भी दी थी, लेकिन चालक जोखिम उठाते हुए वाहन को आगे ले गया। नाले में उतरते ही कार असंतुलित होकर तेज बहाव की चपेट में आ गई और देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गई।
चालक और चाचा ने तैरकर बचाई जान, 9 की मौत
बताया जा रहा है कि ईको वैन धांसड़ गांव निवासी मुकेश सिंह चौहान के नाम पर पंजीकृत है और हादसे के समय मुकेश ही वाहन चला रहा था। कार बहने के बाद मुकेश और उसके चाचा हुकुम सिंह किसी तरह वाहन से बाहर निकले और तैरकर अपनी जान बचाई। दोनों फिलहाल सदमे में हैं।
सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू बोट और रस्सियों की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया। रेस्क्यू टीम ने अब तक 7 शव बरामद कर लिए थे, जबकि हादसे में कुल 9 मौतों की पुष्टि हुई है। धांसड़ गांव में हादसे की खबर मिलते ही मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रशासन की अपील और राहत कार्य
SDRF और स्थानीय प्रशासन द्वारा प्रभावितों के लिए राहत शिविरों में भोजन, पेयजल और दवाओं की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे उफनती नदियों और नालों के पास न जाएं तथा सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर रहें।




