भारत-अफ्रीका व्यापार सहयोग को नया आयाम, लखनऊ में सम्पन्न हुई कांफ्रेंस

होटल नोवोटेल, लखनऊ में “मैन्युफैक्चरिंग ऑपर्च्युनिटीज इन अफ्रीका – बिज़नेस राउंडटेबल कॉन्फ्रेंस एवं B2B बिज़नेस फोरम” का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह उच्चस्तरीय आयोजन मार्केटिंग असिस्टेंस एंड रिसर्च सपोर्ट (MARS) और Arise Integrated Industrial Platforms की संयुक्त पहल के तहत आयोजित किया गया।
इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में टोगो, बेनिन, रवांडा, गैबॉन, डीआर कांगो, चाड, नाइजीरिया, रिपब्लिक ऑफ कांगो, सिएरा लियोन और कोट डी आइवोरी (आइवरी कोस्ट) सहित कई अफ्रीकी देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों, व्यापारिक प्रतिनिधियों, सरकारी अधिकारियों और निवेशकों ने भाग लिया।
कॉन्फ्रेंस में अफ्रीकी देशों में निर्माण क्षेत्र की संभावनाओं, औद्योगिक पार्कों की स्थापना, ग्रीन एनर्जी, एग्रो-प्रोसेसिंग और तकनीकी नवाचार जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधियों ने नीतिगत समर्थन और निवेश के अनुकूल माहौल को रेखांकित करते हुए भारत के उद्यमियों को इन क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत राउंडटेबल चर्चाओं, सेक्टर-वाइज पिचिंग सेशन्स, डेडिकेटेड B2B मीटिंग्स और नेटवर्किंग सेशन्स का आयोजन किया गया। इससे भारतीय उद्योगपतियों और अफ्रीकी प्रतिनिधियों के बीच प्रत्यक्ष संवाद स्थापित हुआ और संभावित व्यापारिक साझेदारियों की नींव रखी गई।
MARS की निदेशक रेखा शर्मा और एसोसिएट डायरेक्टर प्रदीप चौहान ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन भारत-अफ्रीका व्यापारिक संबंधों को एक नई ऊंचाई तक ले जाने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने इसे एक निर्णायक और प्रभावशाली पहल बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता की बात कही।
यह कॉन्फ्रेंस भारत और अफ्रीकी देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को सशक्त करने, निवेश के नए द्वार खोलने और वैश्विक स्तर पर सहयोग की संभावनाओं को विस्तारित करने की दिशा में एक मजबूत कदम माना जा रहा है।




