लखनऊ

PM मोदी के बयान पर भड़की सपा नेत्री, लखनऊ में दीवार पर पेंटिंग कर जताया विरोध

Lucknow News Desk: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए हालिया आतंकी हमले और उसके बाद भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर जहां एक ओर पूरे देश में सेना के साहस और वीरता की सराहना हो रही है, वहीं दूसरी ओर इस अभियान पर सियासी बयानबाज़ी भी तेज़ हो गई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मामले पर राजस्थान के बीकानेर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “मेरी नसों में गर्म खून नहीं, गर्म सिंदूर बहता है।” पीएम मोदी के इस बयान को लेकर विपक्ष ने कड़ा ऐतराज़ जताया है और इसे चुनावी लाभ के लिए दिया गया राजनीतिक बयान करार दिया है।

इस बयान के विरोध में समाजवादी पार्टी की महिला नेता समयून खान ने शनिवार को लखनऊ स्थित आंबेडकर पार्क के बाहर एक दीवार पर लाल रंग से पेंटिंग कर विरोध जताया। उन्होंने दीवार पर लिखा, “मोदी जी, काश आपकी नसों में गर्म सिंदूर की जगह गर्म खून बहता, तो पहलगाम के शहीदों को इंसाफ मिल गया होता।”

समयून खान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि, “प्रधानमंत्री का यह बयान सैनिकों के बलिदान का अपमान है। अगर सरकार वाकई संजीदा होती, तो सिर्फ बयानबाज़ी नहीं, ठोस कार्रवाई करती।”

इस पूरे घटनाक्रम के बीच सियासी हलकों में चर्चा तेज़ हो गई है, और यह मुद्दा अब चुनावी मंचों से लेकर सोशल मीडिया तक छाया हुआ है। सरकार की ओर से इस पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और भी राजनीतिक बयान सामने आ सकते हैं।

Related Articles

Back to top button