बाबिल खान के बयान से अटका यशवर्धन आहूजा की डेब्यू फिल्म का काम, शूटिंग पर लगी रोक

Lucknow Focus News Desk : बॉलीवुड में इस साल कई स्टार किड्स अपनी शुरुआत करने की तैयारी में हैं। इस लिस्ट में सुपरस्टार गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा का नाम भी शामिल है, जिनकी डेब्यू फिल्म एक चर्चित तमिल फिल्म ‘बेबी’ के हिंदी रीमेक के तौर पर बनाई जा रही है। हालांकि अब इस प्रोजेक्ट को लेकर बड़ी रुकावट सामने आई है, जिसकी वजह बनें हैं दिवंगत अभिनेता इरफान खान के बेटे बाबिल खान।
सूत्रों के मुताबिक, फिल्म का निर्देशन कर रहे नेशनल अवॉर्ड विनर डायरेक्टर साई राजेश की इस फिल्म में बाबिल भी अहम भूमिका में थे। मई की शुरुआत से शूटिंग शुरू होने वाली थी, लेकिन बाबिल के सोशल मीडिया पर दिए गए एक बयान के बाद से फिल्म की शूटिंग को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया है।
बाबिल के बयान से मचा बवाल
दरअसल, मई की शुरुआत में बाबिल खान ने एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें उन्होंने बॉलीवुड इंडस्ट्री को “फेक” कहकर संबोधित किया। उन्होंने इस वीडियो में शनाया कपूर, अनन्या पांडे, अर्जुन कपूर, सिद्धांत चतुर्वेदी, राघव जुयाल और आदर्श गौरव जैसे सितारों का जिक्र करते हुए फिल्म इंडस्ट्री पर सवाल उठाए। इस वीडियो के बाद डायरेक्टर साई राजेश ने भी प्रतिक्रिया दी, जिससे बाबिल आहत हुए और उन्होंने फिल्म से खुद को अलग कर लिया।
बाबिल ने बाद में स्पष्ट किया कि वे अब इस फिल्म में काम नहीं करेंगे और भविष्य में किसी अन्य निर्देशक के साथ काम करने की इच्छा ज़ाहिर की।
प्रोजेक्ट पर ब्रेक, अब नए एक्टर की तलाश
‘बेबी’ के हिंदी रीमेक के लिए पहले से ही मुख्य अभिनेत्री को चुनने में छह महीने का समय लग गया था। अब बाबिल के फिल्म छोड़ने के बाद, मेकर्स को उनके रिप्लेसमेंट की तलाश करनी पड़ रही है। यही वजह है कि फिलहाल फिल्म का प्रोडक्शन टाल दिया गया है और शूटिंग कब दोबारा शुरू होगी, इसे लेकर कोई तय तारीख सामने नहीं आई है।
साउथ की फिल्म ‘बेबी’, जो 2023 में रिलीज हुई थी, एक इमोशनल और सोशल मैसेज से भरपूर कहानी थी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। यही वजह थी कि इसके हिंदी रीमेक से भी लोगों को काफी उम्मीदें थीं। अब देखना यह है कि फिल्म के निर्माता जल्द ही नए एक्टर को फाइनल कर पाते हैं या नहीं, और यशवर्धन आहूजा का डेब्यू कब और कैसे होगा।




