साहित्य संस्थान के संरक्षक पद पर वापसी, डॉ. हरिओम का अनुभव संस्था को देगा नई दिशा

Lucknow Focus News Desk: राज्य कर्मचारी साहित्य संस्थान, उत्तर प्रदेश को एक बार फिर से प्रतिष्ठित प्रशासनिक अधिकारी डॉ. हरिओम, आईएएस का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। व्यावसायिक शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव के रूप में कार्यरत डॉ. हरिओम को संस्थान का सह-संरक्षक नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति संस्था के लिए सम्मान और गर्व का विषय है।

गौरतलब है कि डॉ. हरिओम पूर्व में भी छह वर्षों तक संस्थान के अध्यक्ष पद पर रहते हुए इसकी साहित्यिक गतिविधियों को नए आयाम प्रदान कर चुके हैं। उनके नेतृत्व में संस्थान ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की थीं और राज्य कर्मचारियों के बीच साहित्यिक चेतना को सशक्त किया था।
संस्थान की महामंत्री डॉ. सीमा गुप्ता ने इस अवसर पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “डॉ. हरिओम का पुनः मार्गदर्शन प्राप्त होना हमारे लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है। उनके संरक्षण में संस्थान निश्चित रूप से नई ऊंचाइयों को छुएगा और राज्य के साहित्यिक परिदृश्य को और समृद्ध करेगा।”
राज्य कर्मचारी साहित्य संस्थान उत्तर प्रदेश, राज्य सरकार के कर्मचारियों की साहित्यिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक अभिव्यक्ति का एक महत्वपूर्ण मंच है, जो वर्षों से साहित्यिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करता आ रहा है।




