योगी सरकार का दिवाली तोहफा: 14.82 लाख कर्मचारियों को मिलेगा बोनस, आदेश जारी

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को दीपावली का बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए राज्य कर्मचारियों को उत्पादकता असंबद्ध बोनस (Productivity Linked Bonus) देने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों के परिश्रम और निष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के विकास में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।
₹6,908 का होगा सीधा लाभ
वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार पात्र कर्मचारियों को 30 दिनों की परिलब्धियों के बराबर बोनस दिया जाएगा। यह बोनस मासिक परिलब्धियों की अधिकतम सीमा ₹7,000 के आधार पर दिया जाएगा। प्रत्येक पात्र कर्मचारी को बोनस के रूप में ₹6,908 का लाभ मिलेगा।
इस निर्णय से राज्य सरकार के लगभग 14 लाख 82 हजार कर्मचारी लाभान्वित होंगे, जिस पर राज्य के खजाने पर लगभग ₹1,022 करोड़ का कुल व्ययभार आएगा। सरकार ने निर्देश दिया है कि बोनस का भुगतान समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए ताकि सभी परिवार दीपावली का पर्व उल्लासपूर्वक मना सकें।
कौन-कौन होंगे पात्र?
इस बोनस के दायरे में वे सभी पूर्णकालिक अराजपत्रित कार्मिक शामिल हैं, जिनके पद का वेतन मैट्रिक्स लेवल-8 (₹47,600 से ₹1,51,100) तक है (सादृश्य ग्रेड वेतन ₹4,800 तक)।
पात्र कर्मचारियों में शामिल हैं:
- राज्य कर्मचारी
- राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं के कर्मचारी
- स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों के कर्मचारी
- राजकीय विभागों के कार्यप्रभारित एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी




