बाराबंकी: ‘स्वतंत्रता दिवस वीर योद्धाओं को नमन करने का राष्ट्रीय त्यौहार’, बनीकोडर में बोले संयुक्त निदेशक विवेक नौटियाल

Lucknow Focus News Desk: बाराबंकी जिले के बनीकोडर ब्लॉक के गांव छंदवल में बेसिक उत्थान एवं ग्रामीण सेवा संस्थान द्वारा संचालित निःशुल्क चाइल्ड फ्रेंडली स्कूल में शुक्रवार, 15 अगस्त, 2025 को 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि माध्यमिक शिक्षा उत्तर प्रदेश के संयुक्त निदेशक विवेक नौटियाल रहे, जिन्होंने छात्रों और उपस्थित लोगों का उत्साहवर्धन किया।

नौटियाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस अपने वीर योद्धाओं को नमन करने और राष्ट्र के लिए संकल्प लेने का राष्ट्रीय त्यौहार है। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रभक्ति और प्रकृति प्रेम पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की और सभी बच्चों को मेडल व पुरस्कार देकर उनका हौसला बढ़ाया।

समारोह में एक शानदार कवि सम्मेलन का भी आयोजन हुआ, जिसमें ख्याति प्राप्त कवि ओपी वर्मा ‘ओम जी’, अजय प्रधान, लता श्रीवास्तव और साहब नारायण शर्मा सहित कई रचनाकारों ने अपनी कविताओं से देश की आजादी के नायकों को नमन किया। मुख्य अतिथि लता श्रीवास्तव ने ध्वजारोहण किया, जिसमें स्काउट गाइड के बच्चों ने तिरंगा ध्वज को सेल्यूट कर सलामी दी।

इस दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए स्काउट एवं गाइड के लीडर ट्रेनर राम आसरे, गाइड कमिश्नर श्रीमती बालजती और रेड क्रॉस के चेयरमैन शैलेंद्र सिंह को भी सम्मानित किया गया। समारोह में स्कूल के 182 छात्रों के अलावा अन्य स्कूलों के 75 से अधिक छात्रों और 150 से ज्यादा अभिभावकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिसने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।




