बाराबंकी के छंदवल गांव में विश्व पर्यावरण दिवस पर पौधरोपण, पर्यावरण बचाने का लिया संकल्प

Lucknow Focus News Desk: बाराबंकी जिले के बनीकोडर ब्लॉक के ग्राम छंदवल स्थित ‘बेसिक उत्थान एवं ग्रामीण सेवा संस्थान’ द्वारा संचालित नि:शुल्क चाइल्ड फ्रेंडली स्कूल में विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर एक जागरूकता गोष्ठी भी आयोजित की गई, जिसमें जल और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर चर्चा की गई।
संस्था के अध्यक्ष और विद्यालय प्रबंधक रत्नेश कुमार ने जलवायु परिवर्तन और मौसम में आ रही अनिश्चितता पर चिंता जताते हुए कहा कि पेड़ हमारे जीवन के रक्षक हैं और इन्हें बचाना समय की सबसे बड़ी ज़रूरत है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की।

कार्यक्रम की शुरुआत गांव के पूर्व प्रधान रामकिशोर रावत ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधा लगाकर की। इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य विनोद कुमार, शिक्षिकाएं और ग्रामवासी भी पौधारोपण में शामिल हुए। विद्यालय परिसर में आम, नीम, कटहल और सागौन जैसे पेड़ों के पौधे लगाए गए।
वर्षा के लिए सहायक होते हैं वृक्ष
प्राचार्य विनोद कुमार ने वृक्षों के पर्यावरण संरक्षण में योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि पेड़ न केवल हमें ऑक्सीजन देते हैं, बल्कि जीवन को संतुलित और सुरक्षित बनाए रखते हैं। पूर्व प्रधान रामकिशोर रावत ने भी लोगों को पेड़ लगाने और उन्हें संरक्षित करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा, “वृक्ष वर्षा के लिए सहायक होते हैं और इनके बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती।”
इस अवसर पर स्कूल की शिक्षिकाएं अर्चना, प्रतिभा, जियालाल, सरस्वती, ज्ञानवती, सरला देवी और सरोज समेत गांव के अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पेड़ लगाने और पर्यावरण की रक्षा करने की शपथ ली।




