Kedarnath Helicopter Crash: केदारनाथ लौटते वक्त हेलीकॉप्टर क्रैश, 7 की मौत; सीएम धामी ने जताया शोक

Lucknow Focus News Desk: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग ज़िले से एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गौरीकुंड और सोनप्रयाग के बीच रविवार सुबह एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पायलट समेत सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सुबह करीब 5:30 बजे हुआ, जब हेलीकॉप्टर केदारनाथ से गुप्तकाशी लौट रहा था।
आर्यन एविएशन का था हेलीकॉप्टर, खराब मौसम बना हादसे की वजह
जानकारी के मुताबिक, यह हेलिकॉप्टर आर्यन एविएशन कंपनी का था, जो यात्रियों को केदारनाथ दर्शन के बाद वापसी के लिए ले जा रहा था। लेकिन खराब मौसम और कम विज़िबिलिटी के चलते यह गौरी माई खर्क के जंगलों में क्रैश हो गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सबसे पहले घास काट रही नेपाली मूल की महिलाओं ने हेलीकॉप्टर गिरने की आवाज़ सुनी और तुरंत अधिकारियों को सूचना दी।
घटना की पुष्टि होते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए मौके पर रवाना हो गईं। हादसे के बाद से हेली सेवा अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है।
पायलट समेत 7 लोगों की मौत, एक बच्चा भी सवार था
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हेलिकॉप्टर में पायलट, पांच यात्री और एक शिशु सवार था। जिला पर्यटन अधिकारी एवं हेली सेवा नोडल अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि पायलट ने आखिरी वक्त तक हेलिकॉप्टर को घाटी से बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया गहरा दुख
इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा “रुद्रप्रयाग में हेली क्रैश की घटना बेहद दुखद है। सभी श्रद्धालुओं की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। राहत एवं बचाव कार्य तेज़ी से जारी है।”
पूरे घटनाक्रम की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश
प्रशासन ने हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल, रेस्क्यू टीमें शवों की बरामदगी और पहचान की प्रक्रिया में जुटी हैं। स्थानीय लोगों की भी इस अभियान में अहम भूमिका रही है।
Also Read: अहमदाबाद विमान हादसा: मृतकों की संख्या पहुंची 274, DNA जांच से हो रही पहचान, पीएम मोदी ने जताया शोक