उत्तर प्रदेश

छंदवल के चाइल्ड फ्रेंडली स्कूल में मनाया गया 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, 150 बच्चों ने लिया हिस्सा

Lucknow Focus News Desk: बाराबंकी जिले के बनीकोडर ब्लॉक के ग्राम छंदवल स्थित बेसिक उत्थान एवं ग्रामीण सेवा संस्थान द्वारा संचालित नि:शुल्क चाइल्ड फ्रेंडली स्कूल में शुक्रवार को 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों ने मिलकर योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल के प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने की। उन्होंने बच्चों को योग का महत्व समझाते हुए कहा, “योग एक ऐसी जीवन पद्धति है, जिससे बिना किसी खर्च के हम स्वस्थ, निरोगी और दीर्घायु बन सकते हैं। यह हमारी दिनचर्या में शामिल होना चाहिए।”

प्रबंधक रत्नेश कुमार के निर्देशन में आयोजित इस योग सत्र में स्कूल की शिक्षिकाएं वंदना वर्मा, शारदा रावत, प्रिया मौर्य, प्रिंसी वर्मा, पलक कनौजिया, सरिता यादव, अनिता, सरस्वती, सरोज, शिक्षक जियालाल, सहित अनेक अभिभावकों और करीब 150 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।

सभी प्रतिभागियों ने योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास किया और तन-मन को संतुलित रखने की प्रेरणा ली। स्कूल परिसर में सामूहिक योगाभ्यास का दृश्य बेहद अनुशासित और प्रेरणादायक रहा।

कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया। योग दिवस के इस आयोजन से गांव के बच्चों और अभिभावकों को न केवल योग का महत्व समझने का अवसर मिला, बल्कि इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाने की प्रेरणा भी मिली।

Also Read: Lucknow: जलकल कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति की बैठक, विशाल आंदोलन की चेतावनी

Related Articles

Back to top button