लखनऊ

स्किल वाला युवा ही बदल सकता है देश का भविष्य : CM योगी

Lucknow Focus News Desk: राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मंगलवार को विश्व युवा कौशल दिवस के मौके पर प्रदेश स्तरीय कौशल मेला का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए युवाओं को आत्मनिर्भर और हुनरमंद बनाने के सरकार के मिशन को साझा किया।

इस खास मौके पर उत्तर प्रदेश के 75 जिलों से आए एआई और तकनीकी प्रशिक्षणार्थियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में कई बड़े औद्योगिक साझेदारों और ट्रेनिंग संस्थानों को भी सम्मानित किया गया।

MNIT और कौशल विकास मिशन के बीच MOU साइन

इस कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में मोतीलाल नेहरू प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT), इलाहाबाद और उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता (MOU) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके जरिए ट्रेनिंग सिस्टम में स्मार्ट तकनीक को बढ़ावा मिलेगा और प्रशिक्षकों को नई तकनीकों में दक्ष किया जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “उत्तर प्रदेश में टैलेंट की कोई कमी नहीं है। जरूरत है स्किल देने की। यही उद्देश्य लेकर सरकार ने युवाओं को स्मार्टफोन और टैबलेट देने की योजना चलाई है। अब तक दो करोड़ से अधिक युवाओं को इसका लाभ दिया जा चुका है।” उन्होंने यह भी कहा कि यूपी सरकार का लक्ष्य है कि युवा सिर्फ नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला भी बने।

युवा ही देश की 10 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी का आधार

कार्यक्रम में व्यावसायिक शिक्षा राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा, “सीएम योगी खुद युवाओं के लिए एक प्रेरणा हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी का सपना है कि हर युवा कुशल हो, ताकि भारत की अर्थव्यवस्था को 10 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाया जा सके।”

उन्होंने बताया कि पहले की सरकारों में ITI जैसी संस्थाएं बदहाल थीं, लेकिन अब इन्हें आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। टाटा समूह के सहयोग से 8,000 करोड़ रुपये से 212 राजकीय आईटीआई को अपग्रेड किया जा रहा है।

इनक्यूबेशन सेंटर और रोजगार योजनाएं

पांच जिलों में टाटा के सहयोग से इनक्यूबेशन सेंटर बनाए जा रहे हैं, जिनमें से एक मुजफ्फरनगर में है।

आधा दर्जन से अधिक नए ट्रेड्स में ट्रेनिंग दी जा रही है।

सीएम स्वरोजगार योजना के तहत युवाओं को पांच लाख रुपये तक का लोन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

600 इंटर कॉलेजों में प्रोजेक्ट प्रवीण के तहत कौशल प्रशिक्षण भी जारी है।

सम्मानित हुए इंडस्ट्री पार्टनर्स और प्रशिक्षण संस्थान

कार्यक्रम में टाटा समूह के सुशील कुमार समेत कई ट्रेनिंग पार्टनर्स को सम्मानित किया गया, जिन्होंने उत्तर प्रदेश में कौशल विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। 262 आईटीआई को अपग्रेड करने की दिशा में भी राज्य सरकार ने अहम कदम उठाए हैं।

कार्यक्रम में शामिल हुए ये प्रमुख चेहरे

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही

MSME मंत्री राकेश सचान

राज्य मंत्री मन्नू कोरी

मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह

सीएम के सलाहकार अवनीश अवस्थी

कौशल विकास विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम

Also Read: Ayodhya News: अब आध्यात्मिकता के साथ मिलेगा रॉयल सफर का आनंद

Related Articles

Back to top button