देश

एनसीआर में प्रदूषण पर हल्ला बोल: 15 सितंबर से सड़कों की सफाई और गड्ढा-मुक्ति का विशेष अभियान

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश सरकार ने दिल्ली-एनसीआर में सर्दियों के दौरान वायु प्रदूषण पर लगाम कसने के लिए कमर कस ली है। मानसून खत्म होते ही 15 सितंबर से पूरे एनसीआर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया जाएगा। समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव एसपी गोयल ने स्पष्ट किया कि प्रदूषण नियंत्रण की कार्रवाई कागजों तक सीमित न रहकर ज़मीन पर दिखाई देनी चाहिए।

इसके साथ ही सड़कों को गड्ढा-मुक्त करने का अभियान भी चलाया जाएगा। मुख्य सचिव ने कहा कि सड़कों पर जमा धूल और खराब सड़कें वायु प्रदूषण को बढ़ाने वाले प्रमुख कारकों में शामिल हैं। ऐसे में सफाई के साथ सड़कों की मरम्मत और गड्ढों को भरने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए की जा रही कार्रवाई केवल कागजी रिकॉर्ड तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसका वास्तविक असर क्षेत्र की वायु गुणवत्ता में दिखाई देना चाहिए।

बैठक में एनसीआर क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों से होने वाले प्रदूषण, पुराने वाहनों से निकलने वाले उत्सर्जन और पराली जलाने की घटनाओं पर भी प्रभावी निगरानी और कार्रवाई पर जोर दिया गया। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और प्रदूषण के स्रोतों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने गाजियाबाद और मेरठ नगर निगमों तथा नोएडा और ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण को वायु प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कार्यों की मासिक प्रगति रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि संबंधित संस्थाएं हर महीने की तीन तारीख तक अपनी प्रगति रिपोर्ट पवन पोर्टल पर अपलोड करें। सरकार का जोर प्रदूषण के विभिन्न स्रोतों पर एक साथ कार्रवाई करने पर है, ताकि सर्दियों के दौरान एनसीआर में वायु गुणवत्ता खराब होने की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। अधिकारियों को अभियान की नियमित निगरानी करने और तय लक्ष्यों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

Related Articles

Back to top button