‘मेरे बेटे को फांसी दो’: भिवंडी गैंगरेप के आरोपी बर्खास्त पुलिसकर्मी की मां ने बेटे के लिए मांगी कठोरतम सजा

Lucknow Focus News Desk: महाराष्ट्र के भिवंडी में 22 वर्षीय युवती के साथ हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म मामले के आरोपी और बर्खास्त पुलिसकर्मी शैलेश पाटिल की मां सुलोचना पाटिल ने अपने ही बेटे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कल्याण में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुलोचना पाटिल ने अपने बेटे की करतूतों पर सख्त आक्रोश व्यक्त किया और प्रशासन से उसे फांसी की सजा देने की मांग की।
मां द्वारा लगाए गए गंभीर आरोप
सुलोचना पाटिल ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बेटे शैलेश ने पीड़िता ही नहीं, बल्कि इससे पहले भी कई अन्य लड़कियों की जिंदगी बर्बाद की है। मां का दावा है कि जेल से बाहर आने के बाद शैलेश आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो गया। उसने अपने माता-पिता की जायदाद पर कब्जा करने की कोशिश की, बैंक से फर्जी हस्ताक्षर कर पैसे निकाले और विरोध करने पर मां पर भारी वस्तु से हमला करने व रिवाल्वर तानने जैसा कृत्य किया।
सुलोचना पाटिल ने व्यथित होकर बताया कि अपनी जमीन-जायदाद होने के बावजूद वे आज अपने बेटे के अत्याचारों के कारण अपनी बेटी के घर रहने को मजबूर हैं।
क्या है मामला?
भिवंडी के पडघा थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक, कल्याण निवासी 22 वर्षीय पीड़िता को फार्म हाउस ले जाकर जबरन शराब पिलाने और सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप है। इस मामले में पूर्व भाजपा विधायक नरेंद्र पवार और बर्खास्त पुलिसकर्मी शैलेश पाटिल समेत अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।




