पेट फूलने और लगातार दर्द को न करें नजरअंदाज: हो सकता है पेरिटोनियल कैंसर का संकेत, जानें लक्षण और उपचार

Lucknow Focus News Desk: गैस, अपच, पेट में दर्द और लगातार पेट फूलने जैसी समस्याओं को अक्सर लोग आम पाचन संबंधी बीमारी मानकर टाल देते हैं। हालांकि, ये लक्षण पेरिटोनियल कैंसर (Peritoneal Cancer) के भी हो सकते हैं। पेरिटोनियम पेट की अंदरूनी दीवार और अंगों को ढकने वाली एक पतली झिल्ली होती है। जब कैंसर कोशिकाएं इस सतह पर फैलकर छोटी-बड़ी गांठें बनाने लगती हैं, तो इस स्थिति को पेरिटोनियल कार्सिनोमैटोसिस कहा जाता है।
शुरुआत में पहचानना क्यों है कठिन?
इस कैंसर की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि इसके शुरुआती लक्षण सामान्य पेट दर्द या गैस से मिलते-जुलते हैं। यह कैंसर पेरिटोनियम से खुद भी शुरू हो सकता है या फिर पेट, आंत, अपेंडिक्स और अंडाशय (Ovary) जैसे अंगों के कैंसर के फैलने से भी हो सकता है।
प्रमुख लक्षण जिन्हें न करें नजरअंदाज
पेट में भारीपन: लगातार पेट फूलना, कम खाने पर भी पेट भर जाना और भूख में कमी।
शारीरिक बदलाव: बिना किसी कारण के वजन घटना, लगातार थकान और कमजोरी।
पाचन संबंधी समस्याएं: मतली, उल्टी का मन होना, कब्ज या दस्त।
गंभीर स्थिति: पेट में पानी भरना (साइटिस/Ascites) और आंतों में रुकावट (Bowel Obstruction) होना।
इलाज की आधुनिक तकनीकें मौजूद
पेरिटोनियम तक कैंसर का फैलना एक गंभीर स्थिति है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि इलाज संभव नहीं है। आज एडवांस्ड कैंसर सर्जरी, कीमोथेरेपी और चयनित मरीजों के लिए CRS-HIPEC जैसी अत्याधुनिक तकनीकों ने इसके इलाज को पहले से कहीं अधिक प्रभावी बना दिया है। यदि ऐसे लक्षण लगातार बने रहें, तो तुरंत विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श लें।




