लखनऊ

Lucknow News: व्यापारियों की समस्याओं पर हुई बैठक, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के व्यापारियों ने शुक्रवार को जिलाधिकारी विशाख जी की अध्यक्षता में हुई वाणिज्य बंधु की बैठक में अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जीएसटी, नगर निगम, बिजली, पुलिस और यातायात से जुड़ी समस्याओं को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।

जीएसटी और नगर निगम से जुड़ी मुख्य मांगें

व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने जीएसटी को लेकर कई अहम सुझाव दिए।

उन्होंने कहा कि एक ही सामान पर अलग-अलग टैक्स दरें होने से व्यापारियों को दिक्कत होती है। जैसे स्टेशनरी में रबर पर 5%, पेंसिल पर 12%, और डायरी पर 18% जीएसटी है, जबकि किताब पर शून्य है। उन्होंने ‘एक ट्रेड एक टैक्स’ लागू करने की मांग की।

उन्होंने जीएसटी के नियम 9(4) को बहाल करने की मांग की, ताकि ट्रांसपोर्ट भाड़े पर टैक्स की जिम्मेदारी ट्रांसपोर्टर की हो, न कि खरीदार व्यापारी की।

वहीं, नगर निगम से जुड़ी समस्याओं में सबसे बड़ी समस्या नादान महल रोड की बताई गई, जो एक साल पहले पाइपलाइन डालने के लिए खोदी गई थी, लेकिन अभी तक उसका निर्माण पूरा नहीं हुआ है। इसके कारण वहाँ बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे दुर्घटनाएं हो रही हैं।

ट्रैफिक और बिजली की समस्याए

वरिष्ठ महामंत्री पवन मनोचा ने नाका ओवरब्रिज के नीचे अवैध रूप से लगे ठेलों-खोमचों को हटाने की मांग की। उन्होंने पुलिस की मिलीभगत से अवैध वसूली का भी आरोप लगाया।

व्यापार मंडल ने ट्रैफिक जाम की समस्या को भी उठाया। उन्होंने अमीनाबाद, मड़ियांव, और चारबाग जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में ई-रिक्शा के कारण होने वाले जाम को नियंत्रित करने के लिए स्थायी ट्रैफिक पुलिस तैनात करने की मांग की। बिजली विभाग से जुड़ी समस्याओं में बिजली कटौती और पुराने व लटकते तारों को अंडरग्राउंड करने की मांग भी शामिल थी।

जिलाधिकारी ने व्यापारियों की सभी समस्याओं को ध्यान से सुना और ज्ञापन लिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि अगली बैठक में उन्हीं बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी, जिन समस्याओं का समाधान हो चुका है। इस बैठक में व्यापार मंडल के कई प्रमुख सदस्य जैसे देवेंद्र गुप्ता, अनुराग मिश्रा और पवन मनोचा भी मौजूद थे।

Also Read: यूपी में अब ‘मेड इन यूपी’ ई-बसें चलेंगी: CM योगी ने दिए निर्देश, स्थानीय कंपनियों को मिलेगा बढ़ावा

Related Articles

Back to top button