उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और अचानक बाढ़ का ‘रेड अलर्ट’, स्कूलों में छुट्टी के आदेश, प्रशासन हाई अलर्ट पर

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश और अचानक बाढ़ (Flash Flood) की चेतावनी देते हुए कई जिलों में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने गहरे दबाव (Deep Depression) के कारण प्रदेश में तेज हवाओं (30 से 60 किमी/घंटा) के साथ मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है। स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रेड अलर्ट और बाढ़ प्रभावित जिलों में स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।

प्रशासनिक कदम और मुख्य निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिलाधिकारियों को खुद धरातल पर उतरकर स्थिति का निरीक्षण करने और राहत शिविर स्थापित करने के आदेश दिए हैं। बारिश और बाढ़ की चपेट में आने की आशंका वाले क्षेत्रों तथा जर्जर मकानों में रह रहे लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों व राहत शिविरों में पहुंचाने का निर्देश दिया गया है। आकाशीय बिजली या अत्यधिक बारिश से हुए नुकसान का 24 घंटे के भीतर आकलन कर प्रभावित परिवारों को आर्थिक मदद उपलब्ध कराने को कहा गया है। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (LIAL) ने भारी बारिश और जलभराव के कारण उड़ानों के समय पर असर पड़ने तथा ट्रैफिक जाम से बचने के लिए यात्रियों को समय से पहले निकलने की सलाह दी है।

इन जिलों में अचानक बाढ़ और बारिश का अलर्ट

राहत आयुक्त डॉ. ऋषिकेश भास्कर यशोद ने समीक्षा बैठक के बाद आज़मगढ़, बलिया, गाज़ीपुर, मऊ, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, अंबेडकर नगर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा, श्रावस्ती, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अमेठी, फतेहपुर, कानपुर नगर, बांदा, कौशांबी और चित्रकूट समेत 30 से अधिक जिलों में अलर्ट जारी किया है।

Related Articles

Back to top button