पत्नी ज्योति सिंह के आरोपों पर पवन सिंह ने तोड़ी चुप्पी, कहा- ‘कानून मेरे लिए भी मायने रखता है’

Lucknow Focus News Desk: भोजपुरी इंडस्ट्री के ‘पावर स्टार’ पवन सिंह अपनी शादीशुदा ज़िंदगी को लेकर चल रहे विवादों के कारण सुर्खियों में हैं। हाल ही में, पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने रोते हुए दावा किया था कि उन्हें पवन सिंह ने घर में घुसने से रोका और उनके लिए पुलिस तक बुला ली। अब पवन सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इन सभी आरोपों को गलत और बेबुनियाद बताते हुए अपना पक्ष रखा है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिया बयान
पवन सिंह ने अपने चाहने वालों और ‘भोजपुरिया समाज’ को प्रणाम करते हुए कहा कि उनकी शादीशुदा ज़िंदगी लंबे समय से मुश्किल दौर से गुज़र रही है और दोनों के बीच तलाक का केस चल रहा है।
उन्होंने पत्नी के आरोपों पर सफाई देते हुए कहा ज्योति सिंह सोशल मीडिया पर पोस्ट करती हैं कि वह मिलने आ रही हैं। एक रात उनके भाई ने मेरे मैनेजर धनंजय सिंह को बताया कि ज्योति आ रही हैं। जब मेरे भाई ने मुझे बताया कि ज्योति नीचे आई हैं, तो मैंने उन्हें सम्मान के साथ अपने घर पर बुलाया। कानून हमारे लिए भी मायने रखता है।
पवन सिंह ने बताया कि उनकी और ज्योति सिंह की बातचीत करीब डेढ़ घंटे तक चली। उन्होंने आरोप लगाया कि ज्योति सिंह लगातार एक ही जिद पर अड़ी थीं कि वह जब तक उनका तलाक का मामला हल नहीं हो जाता, वह नहीं जाएँगी और उन्हें चुनाव लड़वाया जाए, जो उनके बस का नहीं है।
रात भर सड़क पर काटी
पवन सिंह ने आगे कहा, “मेरी एक मीटिंग थी, इसलिए मैं घर से निकल गया। मेरी मीटिंग के दौरान मेरा फ़ोन मेरे पास नहीं था। उस समय मैंने सोचा कि मेरा घर जाना ठीक नहीं है, इसलिए मैंने पूरी रात अपनी गाड़ी में सड़क पर काटी।”
इससे पहले, पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर भी अपना पक्ष रखा था। उन्होंने लिखा था कि वह अपनी जनता को भगवान मानते हैं और जिनकी बदौलत वह यहाँ तक पहुंचे हैं, उनकी जनभावना को ठेस नहीं पहुंचाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस इसलिए मौजूद थी ताकि जो कुछ भी हो, उनकी उपस्थिति में हो, न कि इसलिए कि उन्होंने पुलिस बुलाई थी।
फिलहाल, पवन सिंह की तरफ से आरा में तलाक का केस चल रहा है, जबकि ज्योति सिंह की तरफ से बलिया में मेंटेनेंस (भत्ता) का केस चल रहा है।




