कांशीराम की पुण्यतिथि पर लखनऊ में बसपा की महारैली शुरू, मायावती मंच पर मौजूद; 5 लाख कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा

Lucknow Focus News Desk: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के संस्थापक मान्यवर कांशीराम की 19वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आज लखनऊ में बसपा सुप्रीमो मायावती की विशाल महारैली शुरू हो गई है। कांशीराम स्मारक स्थल पर आयोजित इस शक्ति प्रदर्शन में प्रदेशभर से लाखों कार्यकर्ता पहुँचे हैं, जिससे लखनऊ पूरी तरह नीले रंग में रंगा नजर आ रहा है। बसपा संगठन ने करीब पाँच लाख लोगों के जुटने का दावा किया है।
बसपा सुप्रीमो मायावती रैली स्थल पर पहुँच चुकी हैं और उन्होंने सबसे पहले कांशीराम की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। वह मंच पर मौजूद हैं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी। सूत्रों के अनुसार, मायावती इस रैली में करीब तीन घंटे तक मंच पर मौजूद रहेंगी। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और कहा कि “बहन जी मेरी आदर्श हैं।”
खोया जनाधार वापस पाने की कवायद
बसपा की इस महारैली को लगातार चुनावी हार और वोट शेयर में गिरावट के बाद 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी के खोए हुए वोट बैंक को वापस पाने की बड़ी कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
बसपा नेताओं ने बताया कि मायावती कांशीराम स्मारक से पार्टी कार्यकर्ताओं को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी करने और विधानसभा व लोकसभा चुनावों में पार्टी की हार से निराश कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने का संदेश देंगी।
लखनऊ की यातायात व्यवस्था प्रभावित
रैली में भारी भीड़ के कारण लखनऊ की यातायात व्यवस्था पर खासा असर पड़ा है। शहर के कई मार्गों, जैसे जेल रोड, कैलाशपुरी, वीआईपी रोड, बांग्ला बाजार और तेलीबाग आने वाले वाहनों को रोक दिया गया है। विभिन्न राज्यों और जिलों से आई बसें शहर के चारों ओर हाईवे के किनारे खड़ी हैं। पारा से बुद्धेश्वर तक एक लेन में बसों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। सुरक्षा के लिए दो हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जबकि ट्रैफिक पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं। रैली स्थल के आसपास मोबाइल नेटवर्क में भी बाधा आने की खबरें हैं।
यह महारैली केवल श्रद्धांजलि कार्यक्रम नहीं, बल्कि आगामी चुनावों से पहले बसपा की राजनीतिक ताकत और एकजुटता का प्रदर्शन भी है।




