इन्फोटेनमेन्ट

अभिनेता गोविंदा अस्पताल में भर्ती: तेज सिरदर्द और चक्कर के बाद जुहू के क्रिटिकेयर में कराया गया एडमिट

Lucknow Focus News Desk: बॉलीवुड के सुपरस्टार अभिनेता गोविंदा (Govinda) को मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात मुंबई के जुहू स्थित क्रिटिकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि आज तड़के अपने आवास पर उन्हें तेज सिरदर्द, सिर में भारीपन और चक्कर महसूस हुए, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

न्यूरोलॉजिस्ट की निगरानी में इलाज

गोविंदा के दोस्त और कानूनी सलाहकार ललित बिंदल ने इस ख़बर की पुष्टि की। उनके मैनेजर शशि सिन्हा ने आईएएनएस को बताया कि अभिनेता को रात लगभग 1 बजे आपातकालीन देखभाल के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उन्हें न्यूरोलॉजिस्ट से परामर्श लेने की सलाह दी गई।

शशि सिन्हा ने बताया, “उन्हें तेज सिरदर्द और सिर में भारीपन महसूस हो रहा था। इसी वजह से उन्हें न्यूरोलॉजिस्ट से मिलने की सलाह दी गई है। डॉक्टर जांच कर रहे हैं।” वर्तमान में गोविंदा डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में हैं और उनकी मेडिकल जांच रिपोर्टों का इंतज़ार किया जा रहा है।

खबर है कि गोविंदा फिलहाल आराम कर रहे हैं और उनके स्वास्थ्य के बारे में विस्तृत अपडेट दोपहर 12 बजे जारी किया जाएगा। गोविंदा का असली नाम गोविंदा अरुण अहूजा है, जिन्होंने 1986 में ‘इलजाम’ फिल्म से डेब्यू किया था। 1990 के दशक में डेविड धवन के साथ उनकी कॉमेडी फिल्मों, जैसे ‘कुली नंबर 1’ और ‘दूल्हे राजा’, ने उन्हें सुपरस्टार बनाया।

Related Articles

Back to top button