देश

दिल्ली ब्लास्ट: PM मोदी भूटान यात्रा से लौटते ही LNJP अस्पताल पहुंचे, घायलों से मिलकर शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की

Lucknow Focus News Desk: सोमवार, 10 नवंबर की शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट की घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी भूटान की दो दिवसीय राजकीय यात्रा से वापस लौटते ही घायलों से मिलने के लिए एलएनजेपी (LNJP) अस्पताल का दौरा किया।

इस भयावह घटना में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है और 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए LNJP अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायलों से मुलाकात और सांत्वना

दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री मोदी सीधे अस्पताल पहुँचे। उन्होंने वहाँ भर्ती घायलों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने अस्पताल के अधिकारियों और डॉक्टरों से भी स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।

षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जाएगा

प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को भूटान के थिम्पू में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ही इस घटना का कड़ा संज्ञान लिया था। उन्होंने कहा था, “दिल्ली ब्लास्ट के पीछे के षड्यंत्रकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सभी ज़िम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।” उन्होंने कहा कि यह विस्फोट ‘भयावह’ है और वह प्रभावित परिवारों के दुःख को समझते हैं। उन्होंने जोर दिया, “आज पूरा देश उनके साथ खड़ा है।” प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया कि वह जांच एजेंसियों के संपर्क में हैं और एजेंसियां इस साजिश की तह तक पहुँचेंगी।

प्रधानमंत्री मोदी भूटान में राजा जिग्मे सिंग्ये वांगचुक के 70वें जन्मदिन समारोह में शामिल होने के लिए गए थे।

Related Articles

Back to top button