यूपी में अनोखी शादी: ई-रिक्शों से निकली दूल्हे की बारात, नजारा देखकर हर कोई हैरान

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के खुखुंदू में एक बेहद अनोखी और प्रेरणादायक शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। आर्थिक अभाव के बावजूद, दूल्हे के दोस्तों ने बेहतरीन मिसाल पेश करते हुए 30 से अधिक ई-रिक्शों का इंतजाम किया और दूल्हे की बारात शान से निकाली।
दोस्तों की मदद से गरीबी को दी मात
खुखुंदू ग्रामसभा के भटहर मोहल्ले के निवासी स्वर्गीय राम अवतार प्रसाद के पुत्र दुर्गेश प्रसाद दिहाड़ी मजदूर हैं। उनकी शादी रविवार की रात डुमरिया लाला गाँव की शिल्पी से होनी थी। दुर्गेश की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वह बारात के लिए पारंपरिक गाड़ियों की व्यवस्था कर पाते।
दूल्हे के दोस्तों ने इस मुश्किल को समझा और तुरंत सहयोग के लिए आगे आए। उन्होंने मिलकर 30 से ज्यादा ई-रिक्शों का इंतजाम किया, जिन्हें सजाया गया और ये ही बारातियों के लिए वाहनों का काम किए।
जब सजे हुए ई-रिक्शों पर सवार होकर लगभग 100 बारातियों की यह अनूठी बारात निकली, तो उसे देखने के लिए लोगों का जमावड़ा लग गया। यह बारात समाज में बढ़ रही महंगाई और दिखावे को दरकिनार करते हुए आकर्षण का केंद्र बनी।
दूल्हा दुर्गेश प्रसाद भी अपने दोस्तों की इस अभूतपूर्व मदद को देखकर खुशी से झूम उठा। यह घटना साबित करती है कि अगर जीवन में सच्चे और अच्छे दोस्त हों, तो बड़ी से बड़ी समस्या का समाधान निकाला जा सकता है।




