फाइलेरिया उन्मूलन: 19 नवंबर से 16 जनपदों में चलेगा एमडीए अभियान, सामुदायिक भागीदारी और जागरूकता पर जोर

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश में फाइलेरिया उन्मूलन के प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाने और जन-सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को लखनऊ में एक राज्य स्तरीय बैठक आयोजित की गई। आगामी 19 नवंबर से प्रदेश के 16 जनपदों की 53 प्लानिंग यूनिट्स में सर्वजन दवा सेवन (MDA) अभियान की शुरुआत की जाएगी। अभियान से पहले आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स, ग्राम प्रधानों, कोटेदारों, शिक्षकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक और अभियान
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के महानिदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण ने कहा कि फाइलेरिया उन्मूलन के लिए केवल दवा वितरित करना काफी नहीं है, बल्कि लोगों को इसके बचाव के प्रति जागरूक करना भी उतना ही जरूरी है।
राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ. ए.के. चौधरी ने बताया कि दवा के दुष्प्रभावों का डर, गलत धारणाएं, व्यस्तता और प्रवास के कारण लोग अक्सर दवा खाने से बचते हैं। इस खाई को पाटने में ‘पेशेंट स्टेकहोल्डर प्लेटफॉर्म’ (PSP) के सदस्य अहम भूमिका निभा रहे हैं, जो लोगों की शंकाओं को दूर कर उनका भरोसा जीत रहे हैं।
इस अवसर पर फाइलेरिया चैंपियन, सीएचओ, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम, ग्राम प्रधानों, कोटेदारों और युवा स्वयंसेवकों सहित कुल 36 सामुदायिक नेतृत्वकर्ताओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
बाराबंकी के सीएचओ नेहा वर्मा ने साझा किया कि समुदाय की सक्रियता से उनके क्षेत्र में लगभग 98% लोगों ने दवा का सेवन किया। वहीं, कानपुर के फाइलेरिया चैंपियन महेंद्र कुमार और माल (लखनऊ) की कोटेदार संगीता यादव ने भी अपने अनुभवों के जरिए लोगों को जागरूक करने का संकल्प दोहराया।




