लखनऊ

लखनऊ में बनेगा प्रदेश का पहला ‘PCS भवन’; संघ के कार्यालय और गेस्ट हाउस के लिए जमीन की तलाश शुरू

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी में अब प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) अधिकारियों का अपना ‘PCS भवन’ होगा। प्रदेश के इतिहास में यह पहली बार है जब अधिकारियों के इस संघ के लिए एक समर्पित कार्यालय और गेस्ट हाउस के निर्माण की पहल की गई है। पीसीएस संघ के अध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने आधिकारिक पत्र जारी कर सभी सदस्यों को इस महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी दी है।

क्यों पड़ी इसकी जरूरत?

वर्तमान में राजधानी में पीसीएस अधिकारियों के लिए कोई निश्चित ठहरने की व्यवस्था या संघ का कार्यालय नहीं है। इस भवन की आवश्यकता इन कारणों से महसूस की गई। विभिन्न जिलों में तैनात अधिकारियों को अक्सर सचिवालय, निदेशालय या न्यायालय के कार्यों से लखनऊ आना पड़ता है। रात में रुकने के लिए अधिकारियों को अक्सर निजी गेस्ट हाउस या अन्य व्यवस्थाएं करनी पड़ती थीं। अपना कार्यालय न होने से संघ की बैठकों और अन्य गतिविधियों के संचालन में बाधा आती थी।

दो एकड़ भूमि और 11 सदस्यीय समिति

परियोजना को अमलीजामा पहनाने के लिए संघ ने तेजी से काम शुरू कर दिया है। लखनऊ में लगभग दो एकड़ जमीन की पहचान के लिए एक 11 सदस्यीय विशेष समिति का गठन किया गया है। इस भवन के लिए भूमि का क्रय सरकारी बजट के बजाय पीसीएस अधिकारियों के सहयोग अंशदान (डोनेशन) से किया जाएगा।

संघ का लक्ष्य इसी माह (जनवरी 2026) के भीतर जमीन की खरीद प्रक्रिया को पूरा करना है।
इस घोषणा के बाद प्रदेश के पीसीएस अधिकारियों में उत्साह है, क्योंकि अब राजधानी में उनका अपना एक ठिकाना होगा जो उनकी गरिमा और कार्यक्षमता के अनुरूप होगा।

Related Articles

Back to top button