बाराबंकी: ‘आनंद खिचड़ी महोत्सव’ में घुली सामाजिक समरसता की मिठास, एक ही जाजम पर दिखे हर दल के नेता और दिग्गज

Lucknow Focus News Desk: बाराबंकी के लखपेड़ाबाग के आनंद विहार कॉन्वेंट इंटर कॉलेज में शनिवार को एक बेहद खास नजारा देखने को मिला। मौका था ‘प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन’ और ‘वित्तविहीन कॉलेज महासभा’ द्वारा आयोजित आनंद खिचड़ी महोत्सव का। कहने को तो यह खिचड़ी भोज था, लेकिन यहाँ की रौनक ने इसे सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे के बड़े उत्सव में बदल दिया।
बौद्ध भिक्षुओं के आशीर्वाद से शुरुआत
महोत्सव का आगाज बेहद आध्यात्मिक रहा। बौद्ध भिक्षुओं को अन्नदान देकर इस कार्यक्रम की शुरुआत की गई, जिसने सेवा और समर्पण का संदेश दिया। कॉलेज के प्रबंधक एमडी आनंद, रेडक्रॉस चेयरमैन शैलेंद्र सिंह, जिला पंचायत सदस्य नेहा सिंह आनंद और राजकुमारी गौतम ने आए हुए सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
जब राजनीति के ‘धुर विरोधी’ एक साथ बैठे
इस आयोजन की सबसे खूबसूरत बात यह रही कि यहाँ राजनीति की दीवारें ढहती नजर आईं। भाजपा, सपा और अन्य दलों के नेता एक ही जगह बैठकर खिचड़ी का आनंद लेते दिखे।
-
कार्यक्रम में एमएलसी अवनीश कुमार सिंह पटेल, हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत, पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप, और भाजपा नेता डॉ. विवेक वर्मा जैसे दिग्गज शामिल हुए।
-
साथ ही पूर्व एमएलसी हरगोविंद सिंह, पूर्व विधायक शिवकरण सिंह, हाफिज अयाज और प्रीतम सिंह वर्मा जैसे नेताओं ने भी शिरकत की।
साहित्यकारों और शिक्षकों का जमावड़ा
खिचड़ी महोत्सव में केवल राजनेता ही नहीं, बल्कि जिले के करीब 50 स्कूलों के शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता और साहित्यकारों ने भी हिस्सा लिया। हास्य कवि अनिल श्रीवास्तव ‘लल्लू’ और ओज कवि डॉ. ओपी वर्मा ‘ओम’ ने अपनी मौजूदगी से माहौल में साहित्यिक रंग भर दिया। रेडक्रॉस के संरक्षक आशीष वर्मा, एडवोकेट अभय मिश्रा और पत्रकार रत्नेश कुमार सहित सैकड़ों गणमान्य लोगों ने इस ‘समरसता भोज’ का लुत्फ उठाया।
एकजुटता का संदेश
आयोजन का मुख्य उद्देश्य शिक्षा जगत से जुड़े लोगों और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद और मेल-जोल बढ़ाना था। खिचड़ी के बहाने जुटे जिले के इन दिग्गजों ने यह साबित किया कि जनहित और सामाजिक सरोकारों के लिए पूरा बाराबंकी एक है।




