सीएम योगी ने 1228 नर्सिंग अफसरों को बांटे नियुक्ति पत्र, बोले- नर्सिंग में पढ़ाई का मतलब नौकरी पक्की

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में रविवार को योगी सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ के लोकभवन में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान 1228 नवचयनित नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से प्रदेश के 13 राजकीय मेडिकल कॉलेजों और दो बड़े चिकित्सा संस्थानों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा।
महिलाओं का दबदबा: 1097 बेटियों को मिली सरकारी नौकरी
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) के माध्यम से पूरी हुई इस भर्ती प्रक्रिया में महिलाओं ने बाजी मारी है। कुल 1228 चयनित अभ्यर्थियों में 1097 महिलाएं और 131 पुरुष शामिल हैं। सीएम योगी ने खुद 492 अधिकारियों को मंच से नियुक्ति पत्र सौंपे, जबकि बाकी 736 अभ्यर्थियों को विभिन्न जिलों में आयोजित लाइव कार्यक्रम के जरिए जनप्रतिनिधियों ने नियुक्ति पत्र दिए।
नर्सिंग में पढ़ाई मतलब नौकरी पक्की – मुख्यमंत्री
नवनियुक्त अधिकारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा “नर्सिंग एक ऐसा क्षेत्र है जहाँ रोजगार की पूरी गारंटी है। अगर आपने इस क्षेत्र में पढ़ाई की है, तो नौकरी मिलना तय है। इनकी डिमांड सिर्फ उत्तर प्रदेश या भारत में ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी बहुत अधिक है।”
“पहले माफिया और सरकार पैरलल चलते थे”
सीएम योगी ने 2017 से पहले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पहले मेडिकल कॉलेज और एएनएम-जीएनएम कॉलेज बंद हो रहे थे और सब कुछ ‘भगवान भरोसे’ चल रहा था। उन्होंने कहा, “पहले माफिया और सरकार समानांतर चलते थे, लेकिन आज माफिया का सिस्टम खत्म हो चुका है और हम ‘एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज’ के लक्ष्य की ओर बढ़ रहे हैं।”
हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर में यूपी की छलांग
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि पिछले 9 वर्षों में यूपी में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 81 हो गई है। 14 करोड़ 28 लाख आभा (ABHA) आईडी कार्ड जारी किए जा चुके हैं। 976 सीएचसी (CHC) में टेली-मेडिसिन की सुविधा दी जा रही है। बंद हो चुके 35 एएनएम और 31 नर्सिंग कॉलेजों को पुनर्जीवित कर बेहतर बनाया गया है।
इन जिलों के मेडिकल कॉलेजों में होगी तैनाती
इन नियुक्तियों से आगरा, कानपुर, प्रयागराज, मेरठ, झांसी, गोरखपुर, अंबेडकरनगर, कन्नौज, आजमगढ़, जालौन, सहारनपुर, बांदा और बदायूं के मेडिकल कॉलेजों के साथ-साथ कानपुर के जेके कैंसर संस्थान और हृदय रोग संस्थान में नर्सिंग सेवाओं में बड़ा सुधार आएगा।
Also Read: विश्व गौरैया दिवस पर विशेष- “वास्तुकला छात्र की पहल: नन्हे पंखों के लिए आशियाना”




