उत्तर प्रदेश

अयोध्या के राजघाट में महायज्ञ के दौरान भीषण आग, मची चीख-पुकार, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह मौके पर मौजूद

Lucknow Focus News Desk: रामनगरी अयोध्या के राजघाट क्षेत्र में चल रहे ‘श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ’ में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब यज्ञ शाला और पंडाल में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह है कि मौके पर प्रशासनिक अमला और रेस्क्यू टीमें तुरंत सक्रिय हो गईं।

महायज्ञ के बीच अचानक भड़की चिंगारी

राजघाट स्थित ‘बाटी वाले बाबा घाट’ के निकट स्वामी जी महाराज के सानिध्य में भव्य श्री लक्ष्मी नारायण महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा था। दोपहर के समय अचानक लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। यह महायज्ञ उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हो रहा था। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकालने का काम युद्धस्तर पर जारी है।

मौके पर डटे हैं मंत्री और विधायक

हादसे के समय परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह आयोजन स्थल पर ही मौजूद थे। उनके साथ गोसाईगंज के विधायक अभय सिंह भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। दोनों जनप्रतिनिधि दमकल कर्मियों और रेस्क्यू टीम के साथ मिलकर राहत कार्यों का निर्देशन कर रहे हैं।

जांच के घेरे में ‘अज्ञात कारण’

प्रशासन अभी आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटा है। चश्मदीदों के अनुसार, गर्मी और तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैली। फिलहाल प्राथमिकता आग को पूरी तरह ठंडा करने और किसी भी प्रकार की जनहानि को रोकने की है।

अयोध्या पुलिस और दमकल विभाग ने आसपास के क्षेत्र को खाली करा दिया है। महायज्ञ में शामिल होने आए बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुरक्षित बताए जा रहे हैं, हालांकि पंडाल और पूजन सामग्री को काफी नुकसान पहुंचा है।

Also Read: बंगाल में ‘चुनावी शंखनाद’: अमित शाह ने ममता सरकार के 15 साल के खिलाफ जारी की ‘चार्जशीट’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button