उत्तर प्रदेशलखनऊ

लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत का मामला, मॉडल श्रद्धा दुबे की तलाश में रायबरेली पहुँची पुलिस

Lucknow Focus News Desk: लखनऊ के चर्चित कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में मुख्य आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे की तलाश तेज हो गई है। इसी सिलसिले में लखनऊ पुलिस की एक टीम रायबरेली स्थित श्रद्धा के घर पहुँची और उनके पिता तथा सौतेली माँ से करीब डेढ़ घंटे तक गहन पूछताछ की। पुलिस ने श्रद्धा के संपर्कों और पूर्व किरायेदार आनंद के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई है।

माता-पिता से हुई पूछताछ

कारोबारी की मौत के मामले में आरोपी श्रद्धा दुबे अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर चल रही है। उसकी तलाश में लखनऊ पुलिस की टीम दोपहर करीब 12 बजे रायबरेली शहर के रामजीपुरम स्थित उसके आवास पहुँची। पुलिस ने पिता एस.पी. दुबे और सौतेली माँ से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास किया कि घटना के बाद क्या श्रद्धा ने उनसे संपर्क किया था और शहर में उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे।

इसके अलावा, पुलिस ने घर पर कुछ साल पहले किराये पर रहकर पढ़ाई करने वाले आनंद नामक युवक के बारे में भी जानकारी ली, जो वर्तमान में कहीं अन्यत्र नौकरी कर रहा है। पुलिस यह भी जाँच कर रही है कि कहीं आनंद छिपने में श्रद्धा की मदद तो नहीं कर रहा है। करीब डेढ़ घंटे तक चली पूछताछ के बाद पुलिस टीम वापस लखनऊ लौट गई।

‘हाथ जोड़कर सौतेली माँ ने लगाई गुहार’

पुलिस की पूछताछ के बाद मीडिया से बातचीत में आरोपी श्रद्धा की सौतेली माँ ने हाथ जोड़कर दर्द बयाँ किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धा से उनका कोई संबंध नहीं है और न ही उससे कोई बातचीत होती है। कई सालों से उसका घर आना-जाना भी नहीं है। उन्होंने हाथ जोड़कर विनती करते हुए कहा, “हम लोगों को जीने दीजिए, आप लोगों के घरों में भी औलादें होंगी।”

Related Articles

Back to top button