देश के इस राज्य में बनेगा पहला ‘सोलर एक्सप्रेसवे’, 296 किमी में लगेंगे पैनल

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश अब देश की ‘सोलर एनर्जी’ का हब बनने की ओर कदम बढ़ा चुका है। चित्रकूट से इटावा तक फैले बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे को भारत के पहले ‘सोलर एक्सप्रेसवे’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। यूपीडा (UPEIDA) की यह महत्वाकांक्षी परियोजना न केवल बिजली पैदा करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा उदाहरण पेश करेगी।
क्या है इस प्रोजेक्ट की खासियत?
अक्सर एक्सप्रेसवे के किनारे की जमीन खाली पड़ी रहती है, लेकिन योगी सरकार अब इस जमीन का इस्तेमाल बिजली बनाने में करेगी।
किनारों पर लगेंगे पैनल: एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ 15 से 20 मीटर चौड़ी खाली जमीन पर सोलर पैनल बिछाए जाएंगे।
550 मेगावाट बिजली: इस पूरे 296 किलोमीटर लंबे रूट से करीब 550 मेगावाट सौर ऊर्जा पैदा करने का लक्ष्य है।
EV चार्जिंग की सुविधा: एक्सप्रेसवे पर चलने वाले इलेक्ट्रिक वाहनों (Electric Vehicles) के लिए जगह-जगह चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे, जिससे सफर और भी आसान होगा।
इन जिलों के 1000 गांवों को होगा फायदा
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे चित्रकूट के भरतकूप (गोंडा गांव) से शुरू होकर बांदा, महोबा, हमीरपुर, जालौन और औरैया होते हुए इटावा के कुदरैल गांव तक जाता है। इस परियोजना के पूरा होने से बुंदेलखंड के पिछड़े माने जाने वाले करीब 1000 गांवों की बत्ती कभी गुल नहीं होगी। उन्हें स्वच्छ और सस्ती बिजली मिल सकेगी।
सिर्फ बुंदेलखंड ही नहीं, बाकी एक्सप्रेसवे भी चमकेंगे
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे की सफलता के बाद सरकार का प्लान पूर्वांचल, गोरखपुर और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भी इसी तरह के सोलर प्लांट लगाने का है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर इन सभी एक्सप्रेसवे पर ऊर्जा उत्पादन शुरू हो गया, तो सरकार को सालाना ऊर्जा खपत पर करीब 6 करोड़ रुपये की बड़ी बचत होगी।
यह एक्सप्रेसवे अब सिर्फ एक सड़क नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की प्रगति का ‘पावर हाउस’ बनने जा रहा है।




