उत्तर प्रदेश

232 से अधिक नामांकन वाले स्कूलों में होगा सम्मान उत्सव, 5.07 करोड़ रुपये स्वीकृत

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले मेधावी और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य के 232 से अधिक नामांकन वाले प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में ‘पुरस्कार वितरण समारोह’ आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पढ़ाई, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए कुल 5 करोड़ 7 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन का सम्मान उनका मनोबल बढ़ाता है

बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के नेतृत्व और निर्देशन में महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय द्वारा इस संबंध में प्रदेश के सभी जिलों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जारी निर्देशों के अनुसार विद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाले इन समारोहों में प्रत्येक कक्षा से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं, सर्वाधिक उपस्थिति वाले विद्यार्थियों, तथा खेल, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा। पुरस्कार सामग्री के लिए प्रति विद्यालय 6500 रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है। इसकी निगरानी के लिए संबंधित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी तथा अन्य अधिकारी नामित किए जाएंगे।

बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह का कहना है कि परिषदीय विद्यालयों के बच्चों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। उन्हें केवल सही मंच और प्रोत्साहन की आवश्यकता होती है। पुरस्कार वितरण समारोह का उद्देश्य बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन को सम्मानित करना, उनका मनोबल बढ़ाना और विद्यालयों में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का वातावरण तैयार करना है। इससे बच्चों के साथ-साथ अभिभावकों की सहभागिता भी बढ़ेगी और शिक्षा के प्रति विश्वास मजबूत होगा।

सर्वाधिक अंक और नियमित उपस्थिति वाले बच्चों के अभिभावकों–सक्रिय SMC सदस्यों का भी होगा सम्मान

ऐसे अभिभावकों को भी सम्मानित किया जाएगा जिनके बच्चे विद्यालय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने या नियमित उपस्थिति के लिए पहचाने गए हैं। विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के सक्रिय सदस्यों को भी समारोह में सम्मानित किया जाएगा, ताकि विद्यालय और समुदाय के बीच सहभागिता को और मजबूत किया जा सके। पुरस्कार वितरण के लिए विद्यालयों को ट्रॉफी, शील्ड, बैग, पानी की बोतल, स्टेशनरी सामग्री, ड्राइंग नोटबुक, रंग तथा प्रेरक पुस्तकें जैसी सामग्री क्रय करने की अनुमति दी गई है। वहीं अभिभावकों को सम्मानित करने के लिए शॉल, मोमेंटो या पौधा भी प्रदान किया जा सकेगा।

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा ने कहा

महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी का कहना है कि विद्यालयों में आयोजित होने वाले ये सम्मान समारोह बच्चों को उनकी उपलब्धियों के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेंगे। प्रत्येक कक्षा के उत्कृष्ट विद्यार्थियों, नियमित उपस्थिति वाले बच्चों और विभिन्न गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित करने से विद्यालयों में सीखने का वातावरण और अधिक उत्साहपूर्ण बनेगा तथा परिषदीय विद्यालयों के प्रति सकारात्मक संदेश जाएगा।

Also Read: पुण्यतिथि पर विशेष: ‘एक अविस्मरणीय व्यक्तित्व पं. ज्ञान चन्द्र द्विवेदी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button