देश

100 करोड़ के स्कूल मान्यता घोटाले में तमिलनाडु के पूर्व शिक्षा मंत्री अनबिल महेश गिरफ्तार

Lucknow Focus News Desk: तमिलनाडु के पूर्व स्कूल शिक्षा मंत्री अनबिल महेश पोय्यामोझी को कथित 100 करोड़ रुपये से अधिक के ‘स्कूल मान्यता घोटाले’ के सिलसिले में गिरफ्तार कर लिया गया है। मद्रास उच्च न्यायालय द्वारा अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद चेन्नई पुलिस की केंद्रीय अपराध शाखा (CCB) ने सोमवार को अमिनजिकरई स्थित उनके अपार्टमेंट से उन्हें हिरासत में लिया। इस मामले में पुलिस के साथ-साथ प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रहा है।

क्या है पूरा मामला?

यह कार्रवाई ‘तमिलनाडु प्राइवेट स्कूल्स एसोसिएशन’ के सचिव डीसी एलंगोवन की शिकायत पर शुरू हुई। आरोप है कि बीटी अरसाकुमार और मुथुकुमार नामक व्यक्तियों ने फर्जी तरीके से एक गैर-पंजीकृत संगठन का गठन किया और खुद को उसका अध्यक्ष व कोषाध्यक्ष बताया। उन्होंने निजी स्कूल प्रबंधनों को स्थायी सरकारी मान्यता, स्कूलों के अपग्रेडेशन और नगर एवं ग्राम नियोजन निदेशालय (DTCP) से जुड़ी प्रशासनिक मंजूरियां दिलाने का झांसा दिया। इसके बदले स्कूल संचालकों से लगभग 100 करोड़ रुपये की मोटी रकम वसूली गई, जिसे पार्टी फंड में योगदान के नाम पर जुटाने का दावा किया गया था।

जांच और पुलिस की कार्रवाई

शिकायत के बाद जब वादे पूरे नहीं हुए और पैसे भी वापस नहीं मिले, तब पुलिस ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने मुख्य आरोपी अरसाकुमार को 27 जून को ही गिरफ्तार कर लिया था। जांच आगे बढ़ने पर पूर्व मंत्री अनबिल महेश का नाम सामने आया, जिसके बाद चेन्नई और तिरुचि में उनके ठिकानों सहित कुल 9 स्थानों पर छापेमारी की गई और कई संदिग्ध दस्तावेज जब्त किए गए।

Related Articles

Back to top button