असम में बाढ़ का संकट: पीएम मोदी ने सांसदों के साथ की समीक्षा बैठक, विधायकों ने दिया एक महीने का वेतन
केंद्र ने दिया असम को हरसंभव मदद का भरोसा; विधानसभा सचिवालय के कर्मचारी भी दान करेंगे एक दिन की सैलरी

Lucknow Focus News Desk: असम में बाढ़ की लगातार गंभीर होती स्थिति के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को राज्य के सांसदों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में बाढ़ के मौजूदा हालातों और राहत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों की त्वरित सहायता के लिए असम सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री मोदी ने इस बैठक की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा, “असम के सांसदों से मुलाकात की और राज्य के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। केंद्र सरकार प्रभावित लोगों की सहायता के लिए असम सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है। मैं सभी की सुरक्षा और कुशल मंगल की कामना करता हूं।”
विधायकों और सचिवालय कर्मियों ने बढ़ाया मदद का हाथ
बाढ़ पीड़ितों की मदद और पुनर्वास के लिए असम के जनप्रनिधियों ने भी एक बड़ा और सराहनीय फैसला लिया है। ‘रायजोर दल’ को छोड़कर राज्य के सभी विधायकों ने मंगलवार को सामूहिक रूप से अपने एक महीने का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करने का एलान किया।
विधानसभा अध्यक्ष रणजीत कुमार दास ने इस घोषणा की पुष्टि करते हुए कहा कि वह स्वयं और उपाध्यक्ष हब्बे टेरोन बाढ़ राहत के लिए अपना एक महीने का वेतन देंगे। इसके साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि विधानसभा सचिवालय के सभी अधिकारी और कर्मचारी भी असम के बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए स्वेच्छा से अपने एक दिन का वेतन दान करेंगे।
शिवसागर जिले में हालात बेकाबू
इस बीच, असम के शिवसागर जिले में बाढ़ की स्थिति लगातार भयावह होती जा रही है। जिले के नौजान गांव में बाढ़ का पानी घरों के भीतर घुस गया है और संपर्क मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं। इस आपदा के कारण सैकड़ों परिवार सुरक्षित आश्रय, भोजन और पीने के साफ पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। प्रशासन द्वारा प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान (Rescue Operations) को और तेज कर दिया गया है।
Also Read: पहली ही बारिश में जवाब दे गया हाईटेक कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे, उद्घाटन के 12वें दिन धंसी सड़क




