विशेष

कलामनीषी आचार्य मदन लाल नागर : लखनऊ की कला परंपरा के उज्ज्वल नक्षत्र

Lucknow Focus News Desk: आगामी 5 जून 2026 को प्रख्यात चित्रकार, कला आचार्य मदन लाल नागर जी की 103वीं जयंती है। यह अवसर केवल एक महान कलाकार को स्मरण करने का नहीं, बल्कि उस गौरवशाली कला परंपरा को याद करने का भी है, जिसने उत्तर प्रदेश और विशेषतः लखनऊ को भारतीय आधुनिक कला के मानचित्र पर विशिष्ट स्थान दिलाया।

यह हम सबका सौभाग्य है कि हमारे प्रदेश में मदन लाल नागर जैसे कलाकार हुए, जिन्होंने न केवल स्वयं कला के क्षेत्र में नई दिशाओं का अन्वेषण किया, बल्कि अपने विचारों, शिक्षण और सृजन के माध्यम से अनेक कलाकारों की पीढ़ियों को प्रभावित किया। लखनऊ का कला एवं शिल्प महाविद्यालय वास्तव में एक स्वर्णिम इतिहास का धनी रहा है। इस संस्थान ने अनेक महत्वपूर्ण कलाकारों को जन्म दिया और असंख्य शिष्यों को कला के संस्कार प्रदान किए। दुर्भाग्य यह है कि इस समृद्ध विरासत का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण नहीं हो सका। परिणामस्वरूप आज की पीढ़ी अपने ही कला इतिहास के अनेक महत्वपूर्ण अध्यायों और व्यक्तित्वों से अपरिचित है। यदि इस संस्थान और इससे जुड़े कलाकारों के योगदान को छात्रों तक व्यवस्थित रूप से पहुँचाया जाए, तो उनमें अपनी सांस्कृतिक और कलात्मक विरासत के प्रति स्वाभाविक गर्व का भाव विकसित होगा।

मदन लाल नागर उन अग्रणी कलाकारों में थे जिन्होंने लखनऊ और उत्तर प्रदेश में आधुनिक एवं समकालीन कला-बोध को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह समय भारतीय कला-जगत में नए प्रयोगों और नई अभिव्यक्तियों की खोज का था। देशभर के कलाकार परंपरागत सीमाओं से आगे बढ़कर आधुनिक संवेदनाओं को व्यक्त करने के नए माध्यम तलाश रहे थे। इसी दौर में नागर जी भी लखनऊ में कला की नई संभावनाओं को आकार दे रहे थे।

उनकी नगर-दृश्य (सिटीस्केप) संबंधी कृतियाँ विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। इन चित्रों में केवल इमारतें नहीं हैं, बल्कि आधुनिक मनुष्य की मनःस्थितियाँ, उसका अकेलापन, अजनबीपन, विस्थापन, सामूहिक जीवन और अस्तित्वगत प्रश्न भी उपस्थित हैं। उनकी रचनाएँ यह संकेत देती हैं कि अतीत के नगर हों या भविष्य के, शहरी संरचनाएँ मानव-अस्तित्व की कथा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रही हैं और आगे भी रहेंगी।

नागर जी की कृतियों की सबसे बड़ी विशेषता उनकी बहुस्तरीय व्याख्यात्मकता है। वे किसी निर्माणाधीन नगर की कथा प्रतीत हो सकती हैं, किसी युद्ध के कारण खाली कर दिए गए शहर की स्मृति भी बन सकती हैं, और आज का दर्शक उनमें कोविड-काल के दौरान अनुभव किए गए भयावह सन्नाटे को भी पढ़ सकता है। उनकी चित्रित इमारतों के कटाव, मोड़, घुमाव और स्थापत्यगत विन्यास केवल वास्तुशिल्पीय संरचनाएँ नहीं रह जाते, बल्कि वे मानव मन की जटिल अवस्थाओं, उसके उतार-चढ़ाव और आंतरिक संरचनाओं के प्रतीक बन जाते हैं। समर्थ कला की यही विशेषता होती है कि वह समय और परिस्थितियों के साथ नए अर्थ अर्जित करती रहती है और प्रत्येक पीढ़ी उससे अपना नया संवाद स्थापित करती है।

मदन लाल नागर का व्यक्तित्व केवल चित्रकला तक सीमित नहीं था। वे हिंदी साहित्य के मूर्धन्य कथाकार और साहित्यकार अमृत लाल नागर के छोटे भाई थे। साहित्यिक और सांस्कृतिक वातावरण ने उनके व्यक्तित्व को गहराई प्रदान की। अमृत लाल नागर की सृजनात्मक छाया में उन्होंने साहित्य और कला दोनों में उभर रहे समकालीन आग्रहों, सामाजिक परिवर्तनों और नवीन संवेदनाओं को निकट से अनुभव किया। यही कारण है कि उनकी कला केवल दृश्य संरचना नहीं, बल्कि अपने समय की वैचारिक और सांस्कृतिक चेतना का भी दस्तावेज बन जाती है।

आज, उनकी 103वीं जयंती के अवसर पर, उन्हें स्मरण करना केवल एक कलाकार को श्रद्धांजलि देना नहीं है, बल्कि उस सृजनात्मक दृष्टि को नमन करना है जिसने लखनऊ की कला-परंपरा को आधुनिक संवेदनाओं से जोड़ा। साथ ही यह अवसर हमें यह भी स्मरण कराता है कि कला और कलाकारों के इतिहास का संरक्षण, दस्तावेजीकरण और पुनर्पाठ हमारी सांस्कृतिक जिम्मेदारी है। मदन लाल नागर जैसे कलाकारों की विरासत आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचे, यही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

  • भूपेंद्र अस्थाना

 

Also Read: UP से फाइलेरिया के खात्मे का फाइनल राउंड! 13 जून से 27 जिलों में शुरू होगा ‘नाइट ब्लड सर्वे’, रात 10 बजे के बाद घर आएगी टीम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button