प्रयागराज: विशेष सचिव डॉ. दीपक कोहली ‘प्रवीण स्मृति सूचना प्रौद्योगिकी पुरस्कार’ से सम्मानित

Lucknow Focus News Desk: विज्ञान को जन-जन तक पहुँचाने और समाज में वैज्ञानिक सोच विकसित करने वाली देश की सबसे पुरानी संस्थाओं में से एक, ‘विज्ञान परिषद् प्रयाग’ ने शनिवार (28 फरवरी) को एक भव्य समारोह का आयोजन किया। अलोपीबाग स्थित नागरी प्रेस में आयोजित इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सचिवालय, लखनऊ के विशेष सचिव डॉ. दीपक कोहली को उनकी उत्कृष्ट साहित्यिक सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
हिंदी में तकनीकी लेखन को दी नई ऊंचाई
डॉ. दीपक कोहली को यह सम्मान हिंदी भाषा में विज्ञान और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) जैसे जटिल विषयों पर उनके सरल, प्रभावी और प्रेरक लेखन के लिए दिया गया है। परिषद् की चयन समिति ने सर्वसम्मति से उनके नाम पर मुहर लगाई। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. कोहली का लेखन न केवल सूचनात्मक है, बल्कि यह आम आदमी के भीतर तार्किक दृष्टिकोण और वैज्ञानिक चेतना जगाने का काम भी कर रहा है।
दिग्गजों की मौजूदगी में हुआ सम्मान
समीरोह की गरिमा को बढ़ाते हुए परिषद् के सभापति प्रो. कृष्ण बिहारी पांडे, प्रधानमंत्री डॉ. शिवगोपाल मिश्र और सॉफ्टवेयर इंजीनियर श्री अभिनव कोहली समेत कई नामचीन शिक्षाविद, वैज्ञानिक और साहित्यकार मंच पर मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में डॉ. कोहली के प्रयासों की सराहना की और इसे हिंदी जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया।
विज्ञान को बनाएंगे और भी सुलभ
पुरस्कार ग्रहण करने के बाद डॉ. दीपक कोहली ने विज्ञान परिषद् प्रयाग के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी जिम्मेदारी को और बढ़ा देता है। उन्होंने संकल्प लिया कि वे भविष्य में हिंदी में विज्ञान लेखन को और अधिक व्यापक, प्रभावशाली और जनोन्मुख बनाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।




