उत्तर प्रदेश

PM मोदी ने किया UP इंटरनेशनल ट्रेड शो का उद्घाटन, बोले- भारत चिप से लेकर जहाज तक सब यहीं बनाएगा

Lucknow Focus News Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में उत्तर प्रदेश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार प्रदर्शनी-2025 (UPITS-2025) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। पीएम मोदी ने कहा कि यह ट्रेड शो उत्तर प्रदेश के उद्यमियों को वैश्विक मंच प्रदान करेगा और देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

अंत्योदय और विकास मॉडल

उद्घाटन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है, जिन्होंने हमें अंत्योदय का मार्ग दिखाया। “अंत्योदय का अर्थ है, सबसे निचले पायदान पर खड़े व्यक्ति का उत्थान, सभी भेदभाव समाप्त हों। आज भारत विकास के इसी मॉडल को दुनिया को दे रहा है।”

पीएम ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि इस व्यापार मेले में 2,200 से ज़्यादा प्रदर्शक अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस ट्रेड शो का कंट्री पार्टनर रूस है, जो भारत की समय-परीक्षित साझेदारी को और मजबूत कर रहा है।

‘मेक इन इंडिया’ और गुणवत्ता पर जोर

प्रधानमंत्री ने ‘मेक इन इंडिया’ विजन पर ज़ोर देते हुए कहा, “हम चिप से लेकर जहाज तक, सब कुछ भारत में बनाना चाहते हैं।” उन्होंने उद्यमियों से अपील की कि वे जो भी निर्माण करें, उसकी गुणवत्ता सर्वोत्तम हो। उन्होंने कहा, “आज देशवासियों के मन में यह बात है कि स्वदेशी उत्पादों की गुणवत्ता निरंतर बेहतर हो, इसलिए गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।”

उन्होंने यूपी की प्रगति को रेखांकित करते हुए कहा आज पूरे भारत में बनने वाले मोबाइल फोन का 55% उत्तर प्रदेश में बनता है। यूपी जल्द ही सेमीकंडक्टर सेक्टर में भी भारत की आत्मनिर्भरता को मजबूती देगा। सेनाएं अब स्वदेशी उत्पाद चाहती हैं, और यूपी डिफेंस सिस्टम के लिए एक वाइब्रेंट इकोसिस्टम बनाने में बड़ी भूमिका निभा रहा है।

GST सुधारों से MSME को लाभ

पीएम मोदी ने कहा कि भारत रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म की प्रतिबद्धता के साथ अपने उद्योग जगत के साथ खड़ा है। उन्होंने हाल ही में लागू हुए ‘नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म’ का जिक्र किया, जिससे व्यापार में आसानी होगी।

पीएम ने बताया कि जीएसटी में ये बदलाव:

  • जीएसटी पंजीकरण को सरल बनाएंगे।
  • कर विवादों को कम करेंगे।
  • MSME को तेजी से रिफंड सुनिश्चित करेंगे।

टैक्स घटने का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा, “2014 से पहले 1,000 रुपये की शर्ट पर 117 रुपये टैक्स लगता था। जीएसटी के बाद यह घटकर 50 रुपये हुआ, और अब नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म के बाद यह सिर्फ 35 रुपये हो जाएगा।”

प्रधानमंत्री ने उद्यमियों से यूपी में निवेश और मैन्युफैक्चरिंग करने का आह्वान करते हुए कहा कि भारत सरकार और यूपी सरकार हर संभव मदद के लिए उनके साथ खड़ी हैं, ताकि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सके।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर को प्रधानमंत्री के ‘मेक इन इंडिया और मेक फॉर द वर्ल्ड’ विजन का स्वरूप बताया।

Related Articles

Back to top button