चमोली हेलीकॉप्टर हादसा: माणा घूमकर लौट रहे तीर्थयात्रियों पर टूटा कहर, पायलट समेत सभी 6 लोगों की दर्दनाक मौत

Lucknow Focus News Desk: उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। खराब मौसम के बीच बदरीनाथ धाम के पास स्थित देश के अंतिम/प्रथम गांव माणा से दर्शन और सैर करके लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का एक हेलीकॉप्टर ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भीषण हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की जगह और बचाव अभियान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हेलीकॉप्टर हाथी पहाड़ के ऊपर चांई गांव और लामबगड़ के बीच घने जंगल में क्रैश हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। दुर्गम और पहाड़ी इलाका होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भारी मशक्कत करनी पड़ी। प्रशासन मृतकों के शवों को जंगल से सड़क मार्ग तक लाने की कार्रवाई में जुटा हुआ है। ज्योतिर्मठ के एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने हादसे की पुष्टि करते हुए राहत एजेंसियों के सक्रिय होने की जानकारी दी है।
हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के नाम
इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोग कर्नाटक के रहने वाले थे, जबकि पायलट दिल्ली के थे:
-
कैप्टन हिमांशु सभरवाल (पायलट, 48 वर्ष) – निवासी, दिल्ली
-
प्रतापा (41 वर्ष) – निवासी, कर्नाटक
-
अरुण सालुंके (44 वर्ष) – निवासी, कर्नाटक
-
वी.बी. शंकर गौड़ा (39 वर्ष) – निवासी, कर्नाटक
-
सुधीर के. (50 वर्ष) – निवासी, कर्नाटक
-
एच.एस. नटराजा (51 वर्ष) – निवासी, कर्नाटक
माणा घूमने के बाद लौट रहे थे सहस्त्रधारा
बताया जा रहा है कि सभी तीर्थयात्री बदरीनाथ के पास स्थित प्रसिद्ध माणा गांव घूमने गए थे और वहां से ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर द्वारा देहरादून के सहस्त्रधारा लौट रहे थे। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी आधिकारिक तौर पर पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती तौर पर खराब मौसम को इसकी वजह माना जा रहा है।
गौरतलब है कि ट्रांस भारत एविएशन के विमानों से जुड़ी सुरक्षा पर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। इससे पहले इस कंपनी के हेलीकॉप्टरों की केदारनाथ और सेरसी हेलीपैड के पास क्रैश लैंडिंग हो चुकी है, तथा कुछ दिन पहले टिहरी के चंबा के पास भी आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी थी।




