उत्तर प्रदेश

यूपी बेसिक शिक्षा विभाग की योजनाओं की 26 बिंदुओं पर व्यापक समीक्षा, समग्र शिक्षा, पीएम श्री और पीएम पोषण पर फोकस

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश सरकार ने बेसिक शिक्षा व्यवस्था को अधिक गुणवत्तापूर्ण, परिणामोन्मुख और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से विभागीय योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा तेज कर दी है। बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में कुल 26 बिंदुओं पर योजनाओं की प्रगति परखी गई। बैठक में समग्र शिक्षा, पीएम श्री और पीएम पोषण समेत विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन, लक्ष्यों की प्राप्ति और संसाधनों के उपयोग का आकलन किया गया। अधिकांश जिलों में प्रगति अपेक्षा के अनुरूप पाई गई, जबकि जिन जनपदों में कमियां या समस्याएं सामने आईं, उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए।

शैक्षिक लक्ष्यों और नवाचारों की समीक्षा

बैठक में निपुण भारत मिशन के तहत निपुण लक्ष्य हासिल करने, निपुण तालिका के उपयोग और बच्चों की शैक्षिक प्रगति का आकलन किया गया। इसके अलावा यू-डायस (UDISE) डेटा को अपडेट करने, होलिस्टिक प्रोग्रेस कार्ड (HPC) की उपलब्धता, बाल वाटिका के प्रभावी संचालन, प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा, प्रेरणा मॉड्यूल के इस्तेमाल तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (KGBV) व बालिका शिक्षा से जुड़े बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया गया।

पोषण, पुस्तकालय और संसाधनों के उपयोग पर जोर

पीएम पोषण योजना: गुणवत्तापूर्ण भोजन, भोजन की लागत, कन्वर्जन कॉस्ट, एसएमसी (SMC) के माध्यम से भुगतान, पूरक पोषण और रसोइयों के मानदेय से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई।

संसाधन और डीबीटी: विद्यालयों में पुस्तकालयों के उपयोग, पुस्तकों के वितरण, खेल सामग्री के इस्तेमाल, आरटीई प्रतिपूर्ति और अभिभावकों को डीबीटी (DBT) के माध्यम से भुगतान की स्थिति पर चर्चा हुई।

अवसंरचना एवं डिजिटल व्यवस्था: विद्यालय भवनों, स्मार्ट क्लास, डिजिटल उपकरणों के उपयोग, पीएम कंपोजिट विद्यालयों और उत्कृष्ट कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के संचालन का भी आकलन किया गया।

उपस्थिति एवं प्रशिक्षण: शिक्षक-शिक्षिकाओं व विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शिक्षक प्रशिक्षण, कौशल विकास और शिक्षण में नवाचार को समीक्षा का अहम हिस्सा बनाया गया।

30 नवंबर तक विवरण तैयार रखने के निर्देश

अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने कहा कि सभी योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति और जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। वहीं, महानिदेशक, स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने निर्देश दिया कि सभी अधिकारी 30 नवंबर तक समीक्षा के बिंदुओं पर प्रगति का आकलन कर कार्ययोजना, अनुपालन और आवश्यक विवरण तैयार रखें।

समीक्षा बैठक में महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी, एएसपीडी (समग्र शिक्षा) प्रेम रंजन सिंह, बेसिक शिक्षा निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी, एससीईआरटी निदेशक गणेश कुमार, एपीडी (समग्र शिक्षा) राजेन्द्र प्रसाद के अलावा मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक), बीएसए (BSA) और विभिन्न इकाइयों के प्रभारी शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button