मुख्य चुनाव आयुक्त के आगरा स्थित आवास पर कांग्रेस का प्रदर्शन, 2 कांग्रेसी नेता गिरफ्तार

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश के आगरा में मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के मूल निवास (विजय नगर कॉलोनी) पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आवास के मुख्य द्वार पर कालिख पोती और दीवारों पर आपत्तिजनक शब्द लिख दिए। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने और वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की।
घटनाक्रम और प्रदर्शनकारियों की मांगें
प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस के उत्तर प्रदेश संगठन महासचिव अनिल यादव (आजमगढ़) और मथुरा जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने किया। कांग्रेसी नेताओं का आरोप है कि चुनाव आयोग ने निष्पक्षता से काम नहीं किया और मथुरा सहित कई क्षेत्रों में कथित रूप से वोट चोरी कर नतीजे प्रभावित किए गए। कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने, उनकी गिरफ्तारी, उनके कार्यकाल में मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा करने और संसद में महाभियोग लाने की मांग की।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारियां
घटना के बाद थाना हरीपर्वत में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए आगरा से दिल्ली की ओर भाग रहे कांग्रेस के दो प्रमुख नेताओं अनिल यादव और मुकेश धनगर को पीछा करके गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य प्रदर्शनकारियों की भी पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।




