उत्तर प्रदेश

देवरिया: SDM विपिन कुमार द्विवेदी निलंबित, बहस के दौरान ग्रामीण को पड़ा दिल का दौरा, हुई मौत

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश सरकार ने देवरिया जिले के बरहज में तैनात उप जिलाधिकारी (SDM) विपिन कुमार द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसडीएम पर एक ग्रामीण के साथ अभद्र व्यवहार और संवेदनहीनता का आरोप है, जिसके परिणामस्वरूप उस व्यक्ति की मृत्यु हो गई। इस सख्त कार्रवाई के बाद प्रशासनिक हलके में हड़कंप मच गया है।

क्या है पूरा मामला?

घटना बरहज तहसील के ग्राम लक्ष्मीपुर की है। राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज नाली और नलकूप की जमीन पर पक्की सड़क के निर्माण को लेकर विवाद चल रहा था। मौके पर पहुंचे एसडीएम विपिन कुमार द्विवेदी की एक स्थानीय व्यक्ति से तीखी नोकझोंक हुई। आरोप है कि एसडीएम ने व्यक्ति को इस कदर डांटा और डराया कि उसे मौके पर ही दिल का दौरा (Heart Attack) पड़ गया। आनन-फानन में अस्पताल ले जाने के दौरान व्यक्ति की मौत हो गई।

कमेटी की रिपोर्ट में पाए गए दोषी

घटना की गंभीरता को देखते हुए शासन ने त्वरित जांच के आदेश दिए थे। अपर आयुक्त प्रशासन (गोरखपुर), एसपी नगर (गोरखपुर) और एडीएम नगर (गोरखपुर) की तीन सदस्यीय कमेटी ने पूरे प्रकरण की पड़ताल की। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में एसडीएम विपिन कुमार द्विवेदी को प्रथम दृष्टया दोषी और लापरवाह माना। इसी रिपोर्ट के आधार पर सरकार ने उन्हें निलंबित कर राजस्व परिषद से संबद्ध कर दिया है।

नियम-7 के तहत शुरू हुई जांच

विपिन कुमार द्विवेदी के खिलाफ नियम-7 के तहत विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। प्रयागराज के कमिश्नर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो इस पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेंगे। सरकार ने साफ संदेश दिया है कि आम जनता के साथ किसी भी प्रकार की बदसलूकी और प्रशासनिक पद का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button